रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 15 जुलाई 2026।आज भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) जिला बस्तर के पदाधिकारियों एवं किसान साथियों ने धरमपुरा क्षेत्र के पीड़ित किसानों के साथ कलेक्टर महोदय से मुलाकात कर मां दंतेश्वरी कृषि केंद्र के विरुद्ध गंभीर शिकायत प्रस्तुत की।
पीड़ित किसानों ने बताया कि उन्होंने मां दंतेश्वरी कृषि केंद्र से कृषि सामग्री एवं खाद खरीदी थी। अब अपनी समस्या को लेकर शिकायत करने पर कृषि केंद्र के संचालक एवं संबंधित लोग किसानों को डराने-धमकाने तथा शिकायत वापस लेने के लिए दबाव बनाने का प्रयास कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन ने इसे किसानों के अधिकारों का खुला हनन बताते हुए कलेक्टर महोदय को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।
किसान यूनियन ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि पीड़ित किसानों को न्याय नहीं मिला और दोषियों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन किसानों के हित में उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
इस अवसर पर संभागीय अध्यक्ष शिवा स्वर्णकार , जिला अध्यक्ष रमेश गोयल, ग्रामीण जिला अध्यक्ष जगतू राम कश्यप, जिला उपाध्यक्ष बलिराम पुजारी, मानसिंह नेम, मंडल अध्यक्ष बबलू सिंह, संभागीय प्रभारी सोनूराम कश्यप, लक्ष्मण , मीडिया प्रभारी डमरू कुंजाम, पूरन सिंह कश्यप सहित बड़ी संख्या में किसान एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) जिला बस्तर ने दोहराया कि किसानों के सम्मान, अधिकार और न्याय की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करता रहेगा और किसी भी किसान के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।