रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

संजय मार्केट में फेरी वाहन से प्लास्टिक सामग्री जब्त, विक्रेता पर ₹10 हजार का जुर्माना

जगदलपुर, 17 जुलाई 2026, । नगर निगम जगदलपुर ने शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के अभियान के तहत प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए संजय मार्केट क्षेत्र में एक फेरी वाहन से भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की। कार्रवाई के दौरान विक्रेता पर ₹10 हजार का अर्थदंड भी लगाया गया।

नगर निगम की टीम ने संजय मार्केट में निरीक्षण के दौरान फेरी वाहन क्रमांक CG 17 H 3117 में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री का विक्रय करते हुए जगदलपुर  निवासी महाँगी लाल जैन को पकड़ा। स्वच्छता निरीक्षक अजय बानिक एवं शेखर भारती की मौजूदगी में वाहन से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित विक्रेता पर ₹10, हजार का जुर्माना लगाया गया तथा पूरी सामग्री निगम के कब्जे में ले ली गई।

नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और शहर की स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण, भंडारण, परिवहन, विक्रय और उपयोग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति या प्रतिष्ठान के विरुद्ध बिना किसी पूर्व सूचना के नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने शहरवासियों, व्यापारियों एवं प्रतिष्ठान संचालकों से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग और विक्रय पूरी तरह बंद करने की अपील की है।

इसके स्थान पर कपड़े, जूट, कागज और अन्य पर्यावरण-अनुकूल विकल्प अपनाने का आग्रह किया गया है। साथ ही नागरिकों से यह भी कहा गया है कि यदि कहीं प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का निर्माण, भंडारण, परिवहन या बिक्री होती दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल नगर निगम को दें।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply