रिपोर्ट – जय शंकर पांडे


18 जुलाई 2026, बकावंड (बस्तर)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, करीतगांव (विकासखंड बकावंड) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा विद्यार्थियों में आपदा प्रबंधन एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से विद्यालय के खेल मैदान में फायर एंड सेफ्टी मॉक ड्रिल एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।

सर्वप्रथम संस्था प्राचार्या  मोनिता पाणिग्राही एवं समस्त शिक्षकों द्वारा जिला आपदा प्रबंधन एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी, प्रभारी एवं उनकी विशेषज्ञ टीम का पुष्पगुच्छों से स्वागत किया गया।

कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी  एस. के. मार्बल के सहयोग एवं मार्गदर्शन द्वारा, प्रभारी  सुशील कुमार साहू (हवलदार) एवं उनकी विशेषज्ञ टीम ने विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों को आगजनी जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित एवं प्रभावी ढंग से कार्य करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रभारी  सुशील कुमार साहू (हवलदार) एवं उनकी विशेषज्ञ टीम अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) का सही उपयोग, पिन खींचने, सही दिशा में लक्ष्य निर्धारित कर आग बुझाने की तकनीक, सी.पी.आर (कार्डियक पलमनरी रेसिटेशन)घबराहट पर नियंत्रण रखने तथा संकट की घड़ी में सूझबूझ एवं साहस के साथ कार्य करने के महत्वपूर्ण उपायों का प्रदर्शन किया गया। साथी आपदा के समय बचने के लिए विभिन्न प्रकार की क्नॉट (गठान) के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बताया कि किसी भी आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता, त्वरित निर्णय और सही जानकारी ही सबसे बड़ा बचाव है। प्रशिक्षण के दौरान लगभग 700 विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल एवं व्यावहारिक ढंग से समाधान किया। मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक परिस्थितियों का अनुभव भी कराया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता का विकास हुआ। स्काउट एंड गाइड कैडेट ने भी इस प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लिया।

इस अवसर पर संस्था की प्राचार्य  मोनिता पाणिग्राही ने जिला आपदा प्रबंधन एवं अग्निशमन विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को केवल जानकारी ही नहीं, बल्कि आपातकालीन परिस्थितियों का सामना करने का आत्मविश्वास भी प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी  राहुल सिंह ठाकुर, सहायक कार्यक्रम अधिकारी वाणी हुमने, लोकेश्वर निषाद,  इंद्रजीत साहु,विद्यालय के समस्त व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक, प्रयोगशाला शिक्षक, गैर शैक्षणिक कर्मचारी,राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक  एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

   स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों द्वारा हस्त निर्मित स्मृति चिन्ह कार्यक्रम में जिला आपदा प्रबंधन एवं अग्निशमन विभाग के प्रभारी अधिकारी  एवं उनकी विशेषज्ञ टीम को संस्था प्राचार्या एवं समस्त शिक्षकगण द्वारा सप्रेम भेंट किया गया।

विद्यालय परिवार ने इस प्रशिक्षण को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रमों के नियमित आयोजन का संकल्प व्यक्त किया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply