रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

टिकरापारा पुलिस और FSL टीम जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

18 जुलाई 2026, रायपुर/ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत संजय नगर में सोमवार को एक ही परिवार के 5 सदस्यों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मदनी चौक के पास किराए के मकान में मिले शवों को देखकर पुलिस ने आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम और FSL रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगी।

किराए के मकान में मिले 5 शव
जानकारी के अनुसार मृतकों में परिवार के मुखिया साजिद अली, उनकी पत्नी और 3 अन्य सदस्य शामिल हैं। परिवार संजय नगर स्थित किराए के मकान में रहता था।
सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे घर को सील कर दिया। साक्ष्य सुरक्षित रखने के लिए घटनास्थल की घेराबंदी की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया है। टीम ने घर के अंदर से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं।

जहरीला पदार्थ सेवन की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि सभी सदस्यों ने जहरीला पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या की होगी। घर से कोई सुसाइड नोट मिला है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
पुलिस घर में मौजूद सामान, मोबाइल फोन, दस्तावेज और अन्य वस्तुओं की जांच कर रही है। साथ ही आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जाएगी।

टिकरापारा थाना प्रभारी राजेश मराई ने बताया कि “घटना संजय नगर के मदनी चौक क्षेत्र की है। सभी मृतक एक ही परिवार के हैं। घर में कुल कितने लोग रहते थे और घटना के पीछे के कारण क्या हैं, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है। परिवार के परिचितों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जाएगी।”

इलाके में शोक, पुलिस ने अफवाहों से बचने की अपील
एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत की खबर फैलते ही संजय नगर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। पड़ोसी इस घटना से हैरान और गमगीन हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार परिवार के बारे में ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच पूरी होने तक किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
फिलहाल पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, FSL जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।

पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply