रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर में ‘हरित बस्तर’ का महासंकल्प, “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” के तहत जिला स्तरीय वन महोत्सव 2026 संपन्न

जगदलपुर, 24 जुलाई 2026 / शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज जगदलपुर के छात्रावास परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम 3.0” राष्ट्रीय अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय वन महोत्सव 2026 का गरिमामय आयोजन किया गया। बस्तर वनमंडल जगदलपुर द्वारा आयोजित इस समारोह में जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं वन अधिकारियों, शिक्षाविदों, पर्यावरण प्रेमियों और छात्र-छात्राओं एवं युवाओं ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ भाग लिया।



          कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन, परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने अपने उद्बोधन में कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का उत्सव या महज़ औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और समृद्ध भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रोपे गए प्रत्येक पौधे का संरक्षण परिवार के सदस्य की तरह किया जाए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने बस्तर के घने जंगलों, जनजातीय संस्कृति और नैसर्गिक वैभव को यहाँ की वास्तविक पहचान बताते हुए युवाओं से पर्यावरण संरक्षण अभियानों का नेतृत्व करने की अपील की। वहीं अति विशिष्ट अतिथि बस्तर सांसद महेश कश्यप ने वैश्विक जलवायु परिवर्तन के इस दौर में प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए पौधरोपण और पौधों को बचाए रखने को समय की सबसे बड़ी माँग बताया। पर्यावरण संवर्धन को धरातल पर उतारते हुए इंजीनियरिंग कॉलेज परिसर के डेढ़ एकड़ रकबे में 630 फलदार एवं छायादार पौधों का व्यवस्थित रोपण किया गया।

इस अवसर पर जन-जागरूकता को व्यापक रूप देने के लिए ‘ग्रीन कैनवास’ सह-हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया, जिस पर मुख्य अतिथियों ने हस्ताक्षर कर पर्यावरण संरक्षण के प्रेरणादायक संदेश लिखे। समारोह का सबसे अनुकरणीय पहलू भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की पहल रही, जिसने जिला मुख्य आयुक्त सुरेश प्रसाद गुप्ता की उपस्थिति में रोपे गए सभी 630 पौधों को गोद लेकर उनकी निरंतर सिंचाई और देखभाल की ज़िम्मेदारी ली। इस संवेदनशीलता और ज़िम्मेदारी की वन मंत्री ने मंच से मुक्तकंठ से सराहना की।



          वन महोत्सव के इस पावन अवसर पर वन विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और राहत मदों के अंतर्गत हितग्राहियों को 36 लाख रुपए से अधिक की सहायता राशि और डमी चेक वितरित किए गए। इसके तहत तेंदूपत्ता संग्राहक कल्याण योजना के 5 हितग्राहियों को एक लाख रुपए से ज्यादा प्रोत्साहन राशि, मेधावी छात्रों के प्रोत्साहन हेतु 5 विद्यार्थियों को एक लाख 15 हजार रुपए की छात्रवृत्ति तथा मलिक मक़बूज़ा मद के अंतर्गत निजी भूमि के सागौन वृक्षों की कूप-कटाई के लाभांश स्वरूप 4 हितग्राहियों को 30 लाख 45 हजार रुपए की राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त किसान वृक्ष मित्र योजना के अंतर्गत 3 कृषकों को 21 हजार रुपए तथा मानव-वन्यप्राणी द्वंद्व राहत मद के तहत पशुधन और मानव क्षति से प्रभावित परिवारों को कुल 3 लाख 25 हजार रुपए की राहत राशि सौंपी गई।



          वन महोत्सव में चित्रकोट विधायक विनायक गोयल, जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जगदलपुर महापौर संजय पांडेय, प्रसिद्ध एवरेस्ट विजयी पर्वतारोही  नैना सिंह धाकड़, ‘ट्री मैन’ संपत झा, मुख्य वन संरक्षक स्टायलो मंडावी, डीएफओ उत्तम गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply