रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

गरीबों के निवाले पर डाका बर्दाश्त नहीं
2 अगस्त 2026, जगदलपुर। बस्तर विधायक एवं छग विधानसभा के उप नेता प्रतिपक्ष लखेश्वर बघेल ने बस्तर विकासखंड के ग्राम पंचायत राजपुर के उचित मूल्य दुकान में गरीब हितग्राहियों को निर्धारित 35 के बजाय केवल 31 किलो चावल दिए जाने के मामले को अत्यंत गंभीर बताते हुए भाजपा सरकार और जिला प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि यदि एक-एक गरीब परिवार के हिस्से का 4 किलो चावल कम तौलकर दिया जा रहा है, तो यह केवल अनियमितता नहीं बल्कि गरीबों के अधिकार और उनके निवाले पर खुला डाका है। राजपुर पंचायत के लगभग 600 गरीब परिवारों के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।
लखेश्वर बघेल ने कहा कि ग्रामीणों द्वारा वीडियो के माध्यम से कम तौल का प्रमाण सामने आया है, जिसमें दुकान के इलेक्ट्रॉनिक कांटे पर 35 किलो दिखाया गया, लेकिन दूसरे कांटे पर वही बोरा 31 किलो निकला। यदि यह आरोप सही है, तो यह सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) में गंभीर भ्रष्टाचार और गरीबों के साथ धोखाधड़ी का मामला है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार एक ओर गरीब कल्याण के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी ओर गरीबों के हक का राशन तक सुरक्षित नहीं रख पा रही है। यह सरकार की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल है।
लखेश्वर बघेल ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी राशन विक्रेता एवं संबंधित अधिकारियों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाए, सभी प्रभावित हितग्राहियों को उनका पूरा राशन तत्काल उपलब्ध कराया जाए,
जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों की विशेष जांच कर कम तौल और अनियमितताओं पर रोक लगाई जाए।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि गरीबों के अधिकारों के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी गरीबों के हक की लड़ाई सड़क से सदन तक पूरी ताकत से लड़ेगी। गरीबों के निवाले पर डाका डालने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।