रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान में उमड़ा उत्साह, स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

11 अगस्त 2026, बस्तर। ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान के तहत मंगलवार को भाजपा बस्तर मंडल द्वारा ग्राम गुफनी में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ यात्रा में सहभागिता की। गांव की गलियों और प्रमुख मार्गों से निकली तिरंगा यात्रा के दौरान भारत माता के जयघोष और देशभक्ति के नारों से पूरा माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर नजर आया।

तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ स्कूली छात्र-छात्राएं भी शामिल हुए। विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। यात्रा के दौरान ग्रामीणों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

जिला पंचायत सदस्य शंकुतला कश्यप ने ग्रामीणों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके सम्मान के साथ देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों को भी याद किया। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज देशवासी स्वतंत्र वातावरण में जीवन जी रहे हैं। नई पीढ़ी को देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्रीय ध्वज के महत्व से परिचित कराना भी ऐसे आयोजनों का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

गांव में निकली इस तिरंगा यात्रा ने खासकर युवाओं और विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह बढ़ाया। स्कूली छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लेकर पूरे जोश के साथ यात्रा में शामिल हुए। ग्रामीणों की सहभागिता से कार्यक्रम को व्यापक जनसमर्थन मिला और गांव का माहौल पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का अभियान है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से गांव-गांव तक देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष सुखदेव मंडावी, जिला पंचायत सदस्य शंकुतला कश्यप, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप, बसंत गावरे, नकछड़ी कश्यप, नरपत कश्यप, नील कुमारी साहू, अनिता बघेल, उर्मिला कश्यप, रामबती कश्यप सहित भाजपा कार्यकर्ता, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply