रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 12 अगस्त 2026। भारत सरकार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय जगदलपुर द्वारा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, जगदलपुर में हर घर तिरंगा एवं नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सर्वप्रथम नवोदय के स्कूली छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया ।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, यातायात नियमों का पालन करने तथा राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में डॉ. बी. प्रकाश मूर्ति ने नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि “नशा नाश की जड़ है” और नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार एवं समाज को प्रभावित करता है।

यातायात प्रभारी डीएसपी  जयराम चेरमाको ने नशे के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने और सड़क पर जिम्मेदारी के साथ चलने के लिए प्रेरित किया।

केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी  बी. एस. ध्रुव ने कार्यक्रम में दी गई जानकारियों पर आधारित प्रश्न मंच आयोजित किया। सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को विभाग की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

दूरदर्शन केंद्र के प्रमुख श्री रघुवीर जी ने “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा” अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। वहीं श्रीमती जयश्री शेन्डे, व्याख्याता, बस्तर हायर सेकेंडरी स्कूल, जगदलपुर ने राष्ट्रीय एकता पर कविता पाठ कर विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना जगाई

पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती इति मेरावी ने भी हर घर तिरंगा एवं नशा मुक्त भारत अभियान के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से दोनों अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम में कांकेर के ‘माटी के श्रृंगार’ दल के 10 कलाकारों ने गीत, संगीत एवं लोककला की रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से हर घर तिरंगा और नशा मुक्त भारत का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विद्यार्थियों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों द्वारा विशाल जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से हर घर तिरंगा फहराने, राष्ट्रप्रेम की भावना मजबूत करने तथा नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में खेल शिक्षक श्री कोटेश्वर नायडू , नवोदय विद्यालय के शिक्षक गण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।कार्यक्रम का सफल समन्वय श्री शशांक शेन्डे द्वारा किया गया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply