रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

बीजापुर, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत एसडीएम जागेश्वर कौशल ने शहीद के घर पहुंचकर तिरंगा भेंट किया और उनकी शहादत को नमन किया।

एसडीएम कौशल ने शहीद के परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा राष्ट्र की सेवा में शहीद द्वारा दिए गए सर्वोच्च बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने शहीद के परिवार के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए वीर जवानों का त्याग और समर्पण सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
इस दौरान शहीद के घर तिरंगा भेंट कर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, एकता और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया गया। उपस्थित लोगों ने भी तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।
जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलेवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़कर अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करने की अपील की गई है।