रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

16 अगस्त 2026, जगदलपुर । 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शिव भैरम सेवा समिति द्वारा आयोजित समारोह देशभक्ति, संस्कृति और सामाजिक सम्मान का सुंदर संगम रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ गरिमापूर्ण ध्वजारोहण वार्ड के वरिष्ठ पूर्व उत्कल समाज के अध्यक्ष उमाकांत दास के द्वारा किया गया। प्रातःकाल बच्चों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जबकि संध्या में शहर के नामचीन कलाकारों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुकमा जमींदार परिवार के कुमार जयदेव रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में MIC सदस्य निर्मल पानीग्राही, त्रिवेणी रंधारी एवं कुबेर देवांगन उपस्थित रहे।


समारोह में भाग लेने वाले बच्चों एवं कलाकारों को मुख्य अतिथि एवं अतिथियों के हाथों पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए। साथ ही वार्ड के वरिष्ठ नागरिकों का नागरिक अभिनंदन करते हुए उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान का यह आयोजन समाज के प्रति उनके योगदान और अनुभवों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष अवसर रहा।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि कुमार जयदेव को मोमेंटों स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर कलाकारों ने भी समिति के आयोजन और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में शिव भैरम सेवा समिति के असीम दास, मथुरा प्रसाद तिवारी, रमेश पानीग्राही, नरसिंह तिवारी सुरेश दास, आनंद मिश्रा एवं उत्कल समाज के सचिव सुमीत महापात्र का विशेष योगदान रहा। समिति के सदस्यों की मेहनत और समर्पण से स्वतंत्रता दिवस का यह समारोह यादगार बन गया।
कार्यक्रम ने एक ओर जहां बच्चों और कलाकारों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, वहीं दूसरी ओर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के माध्यम से समाज में संस्कार, संस्कृति, देशभक्ति और आपसी सद्भाव का संदेश दिया।



मुख्य अतिथि कुमार जयदेव ने शिव भैरव वार्ड के निवासियों को स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं दी और वार्ड के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध परंपरा और विरासत का उल्लेख किया। अपने संबोधन में कुमार जयदेव ने कहा कि शिव भैरव वार्ड और यहां के लोगों से उनके परिवार का संबंध पुराना और आत्मीय रहा है। उन्होंने अपने बचपन की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि उनका लगाव इस वार्ड के लोगों के साथ सदैव रहा है। वार्ड के लोगों से मिले स्नेह और अपनत्व को उन्होंने अपने परिवार के लिए विशेष बताया।

उन्होंने अपने छोटे भाई एवं प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के दिल्ली में दुर्घटना के बाद चल रहे उपचार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भी इस वार्ड के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उनके परिवार के साथ बना हुआ है। उन्होंने वार्डवासियों के आत्मीय संबंध और शुभकामनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कुमार जयदेव ने शिव भैरव वार्ड की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रियासत काल में इस क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित एवं महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों ने अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने राजगुरु, राजपुरोहित, राजवैद्य, राजज्योतिषी, दीवान एवं अन्य महत्वपूर्ण पदों पर रहे लोगों के योगदान को स्मरण किया और कहा कि इन विभूतियों की भूमिका क्षेत्र के इतिहास और सामाजिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण रही है।

उन्होंने कहा कि शिव भैरव वार्ड केवल एक स्थान नहीं, बल्कि इतिहास, परंपरा, संस्कृति और समृद्ध विरासत को अपने भीतर संजोए हुए क्षेत्र है। यहां के लोगों की सामाजिक एवं सांस्कृतिक भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है और इस गौरवशाली विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

कुमार जयदेव के संबोधन ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को अपने क्षेत्र के इतिहास और पूर्वजों के योगदान से परिचित कराया तथा अपनी समृद्ध विरासत के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत किया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply