रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

17 अगस्त 2026, बलरामपुर / कुसमी थाना क्षेत्र के अमरपुर अंतर्गत आमादारा गांव में तालाब में डूबने से पति-पत्नी की मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।
जानकारी के अनुसार मृतक मुनेश्वर नाग और पत्नी घुघरी नाग रिश्तेदार के घर गए थे। वहां से देर रात पैदल घर लौटते समय रास्ते में तालाब पड़ा। अंधेरे में अचानक मुनेश्वर का पैर फिसला और वह तालाब में गिर गए।
पति को डूबता देख पत्नी घुघरी ने बिना कुछ सोचे तालाब में छलांग लगा दी। लेकिन तालाब गहरा होने के कारण दोनों पानी में डूब गए और उनकी मौत हो गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर कुसमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों के शवों को तालाब से बाहर निकाला। पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।