रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

महतारी वंदन योजना के नाम पर ₹1,000 देकर बिजली बिल के जरिए जनता से कर रही दुगुनी वसूली,स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस के फॉर्म भरने अभियान को जनता का मिल रहा समर्थन
17 अगस्त 2026, जगदलपुर। नगर निगम जगदलपुर के नेता प्रतिपक्ष एवं माता संतोषी वार्ड के पार्षद राजेश चौधरी ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जबरन थोपे जा रहे स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद बिजली बिलों में कथित रूप से हो रही बढ़ोतरी को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा स्मार्ट मीटर के विरोध में चलाए जा रहे अभियान के तहत वार्ड की जनता के बीच पहुंचने पर लोगों में बिजली विभाग तथा प्रदेश की भाजपा सरकार के प्रति भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।राजेश चौधरी ने कहा कि वार्ड में कई परिवारों ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उनके बिजली बिल में काफी वृद्धि हुई है। जिन परिवारों का बिजली बिल पहले लगभग ₹200 से ₹300 के आसपास आता था, उनके बिल अब ₹1,800 से ₹2,000 तक पहुंचने की शिकायतें सामने आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि यदि आम परिवारों के बिजली खर्च में इस तरह वृद्धि होती है तो इसका सीधा असर उनकी रोजमर्रा की जरूरतों और घरेलू बजट पर पड़ता है।सरकार एक ओर महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत ₹1,000 प्रतिमाह देने की बात करती है, वहीं दूसरी ओर बढ़े हुए बिजली बिलों के माध्यम से आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की शिकायतें सामने आ रही हैं।भाजपा सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ जनता तक पहुंचने के बजाय महंगाई और बढ़ते खर्च के कारण परिवारों की आर्थिक परेशानी कम नहीं हो रही है।
राजेश चौधरी ने कहा कि खाद्य तेल, खाद्य सामग्री, रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी से पहले ही आम जनता परेशान है। ऐसे समय में बिजली के बिलों में वृद्धि की शिकायतें लोगों की चिंता और बढ़ा रही हैं। उन्होंने भाजपा सरकार से मांग की कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था की पारदर्शी जांच कराई जाए और जिन उपभोक्ताओं के बिजली बिल असामान्य रूप से बढ़े हैं, उनकी शिकायतों का तत्काल निराकरण किया जाए। कांग्रेस पार्टी जनता की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी। स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे फॉर्म भरने के अभियान में वार्ड की जनता स्वेच्छा से आगे आ रही है, जो इस मुद्दे को लेकर लोगों की चिंता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि अभियान को जनता का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है और आने वाले दिनों में इसे और व्यापक रूप से चलाया जाएगा।राजेश चौधरी ने प्रदेश सरकार से मांग की कि स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उपभोक्ताओं को राहत दी जाए। साथ ही बिजली बिलों में अनावश्यक बढ़ोतरी की शिकायतों की जांच कर दोषी पाए जाने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।सरकार का दायित्व है कि वह जनता को राहत दे, न कि बढ़ती महंगाई और बिजली बिलों के बोझ से आम परिवारों की परेशानी बढ़ाए। कांग्रेस पार्टी जनता के हितों से जुड़े इस मुद्दे पर लगातार संघर्ष करती रहेगी और उपभोक्ताओं की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।