रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

साइबर सुरक्षा को लेकर विश्वविद्यालय में जागरूकता, विद्यार्थियों को बताए बचाव के तरीके
जगदलपुर 18 अगस्त 2026, / मंगलवार को शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के कालीपुर परिसर में साईबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर साइबर निरीक्षक गौरव तिवारी ने कहा कि अवेयरनेस ही साइबर क्राइम से बचने का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है।

साइबर अपराधी आपका फोन नहीं आपका दिमाग हैक करते हैं। आपकी जल्दबाजी और अज्ञानता का लाभ लेकर वे क्राइम को अंजाम देते हैं। श्री तिवारी ने बताया कि अपराधी आपको इंस्टाग्राम इत्यादि सोशल मीडिया पर आपके बारे में सर्च करते हैं। इस कारण आप गैरूजरूरी चाजें सोशल मीडिया पर शेयर न करें। करीबी दोस्त से भी इंस्टाग्राम का पासवर्ड शेयर नहीं करना चाहिए।
विद्यार्थियों को सोशल मीडिया का उपयोग सीमित स्तर पर करना चाहिए।

उन्होंने बताया कि व्हाट्सएप या ईमेल से आया डाॅट एपीके लिखा फाइल को खोलकर नहीं देखना चाहिए। सुरक्षा की दृष्टि से मोबाईल में टू स्टेप वेरिफिकेशन ऑप्शन को ऑन करके रखना चाहिए। तिवारी ने कहा कि आप फेक आईडी बनाकर साईबर अपराध करके नहीं बच सकते। सोशल मीडिया पर अपलोड फोटो डिलीट नहीं होता है। इसलिए सोच समझ कर ही कोई फोटो अपलोड करें। प्रतिभागी विद्यार्थियों के सवाल पर तिवारी ने कहा कि मनी लांड्रिंग में नाम आने ईत्यादि का डर दिखाकर सीनियर सिटीजेन से डिजिटल अरेस्ट जैसे क्राईम हो रहे हैं। जबकि डिजिटल अरेस्ट किए जाने का कोई प्रावधान नहीं है। विद्यार्थियों को अपने माता-पिता और अन्य अभिभावकों को डिजिटल अरेस्ट के प्रति जागरूक करना चाहिए।

तिवारी ने कहा कि सोशल मीडिया में आ रहे विज्ञापनों पर ध्यान न दें। उन्होंने यह भी बताया कि सभी लोगों को साईबर क्राइम से बचने के लिए अपने मोबाईल में 1930 और 112 टोल फ्री नंबर को सेव रखना चाहिए। किसी भी प्रकार की साईबर अपराध की परेशानी आने पर इसका बेहिचक इश्तेमाल करना चाहिए।

टाउन इंस्पेक्टर लीलाधर राठौर ने कहा कि डर और लालच पर कंट्रोल करने से फ्राॅड से बचा जा सकता है। किसी भी प्रकार के सुविधा कनेक्शन कट जाने के काॅल और मैसेज के डर में न आएं। लोन और सस्ते सामान मिल जाने के लोभ से बचें। श्री राठौर ने कहा कि फेक न्यूड फोटो ईत्यादि अपलोड करने की परिस्थिति में डरे नहीं। अपने अंदर घुटन महसूस न करें। अपनी बात को परिवार और साईबर अवेयरनेस सेंटर में जरूर शेयर करें।
इस अवसर पर मैं जागरूक हूँ और साइबर क्राइम से मुक्त हूँ सेल्फी जोन बनाकर भी युवाओं को अवेयर किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छात्र कल्याण अधिष्ठाता डाॅ. समीर ठाकुर ने उपस्थित छात्र- छात्राओं को साईबर ठगी से बचने के लिए जागरुक करते हुए भविष्य में सतर्क रहने की अपील की। कार्यक्रम का संचालन डाॅ. भुनेश्वर लाल साहू ने किया तथा डाॅ. विनय प्रताप सिंह ने आभार उद्बोधन करते हुए सभी आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।