रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 20 अगस्त 2026। भारतीय किसान यूनियन टिकैत जिला बस्तर के नेतृत्व में आज जिला कार्यालय में बस्तर संभाग के सातों जिलों के पदाधिकारियों एवं प्रदेश कार्यकारिणी से आए पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण सभा आयोजित की गई। सभा में किसानों से जुड़ी खाद, बीज, नकली खाद, ओवररेटिंग, कृषि विभाग के अधिकारियों की अनदेखी तथा जल, जंगल और जमीन से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर गंभीर चर्चा की गई।


सभा के दौरान किसानों की समस्याओं को लेकर प्रेस वार्ता आयोजित कर संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया गया तथा ज्ञापन के माध्यम से बस्तर संभाग के किसानों की समस्याओं के निराकरण की मांग की गई। संगठन ने कहा कि बार-बार आवेदन एवं निवेदन करने के बावजूद किसानों की समस्याओं का उचित समाधान नहीं हो रहा है।


भारतीय किसान यूनियन टिकैत ने विशेष रूप से खाद की ओवररेटिंग, नकली खाद की बिक्री तथा कृषि विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई नहीं किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की।  कृषि केंद्र से खाद एवं बीज लेने के बाद पीड़ित किसानों की समस्या का भी अब तक उचित न्याय नहीं मिलने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित किसानों को उचित राहत एवं न्याय दिलाया जाए।


किसानों की इन सभी समस्याओं के साथ-साथ जल, जंगल, जमीन और कृषि से संबंधित अन्य मुद्दों को भी ज्ञापन के माध्यम से बस्तर संभाग के कमिश्नर महोदय के समक्ष रखा गया।


नए प्रदेश अध्यक्ष को बधाई
इस अवसर पर संगठन के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष  तेजराम विद्रोही जी का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी एवं नए कार्यकाल के लिए भारतीय किसान यूनियन टिकैत परिवार की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। संगठन के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी तथा किसानों की आवाज को प्रदेश स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा।


सभा में संगठन विस्तार को लेकर भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि भारतीय किसान यूनियन टिकैत को गांव-गांव एवं ग्राम स्तर तक मजबूत किया जाएगा तथा प्रत्येक गांव में संगठन की इकाई गठित कर किसानों को संगठन से जोड़ा जाएगा।


इस कार्यक्रम में प्रदेश कार्यकारिणी से प्रदेश प्रभारी  प्रवीण क्रांति, नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष तेजराम विद्रोही, प्रदेश सचिव  कमल कुशवाहा, संभागीय अध्यक्ष  शिवा स्वर्णकार सहित बस्तर संभाग के सातों जिलों के जिला अध्यक्ष, जिला सचिव, अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान साथी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन टिकैत जिला बस्तर के जिला अध्यक्ष  रमेश गोयल जी के नेतृत्व में किया गया। सभी पदाधिकारियों एवं किसान साथियों ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने तथा किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply

You missed