रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश, तहसील रिकॉर्ड रूम को निर्वाचन के स्ट्रांग रूम की तर्ज पर तैयार करने पर जोर
जगदलपुर, 22 अगस्त 2026/ कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह ने संभाग के दूरस्थ क्षेत्र भोपालपट्टनम पहुंचकर एसडीएम एवं तहसील सहित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं, राजस्व प्रकरणों के निराकरण तथा विभिन्न अभिलेखों के संधारण की स्थिति का जायजा लिया। कमिश्नर ने अधिकारियों को राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर सिंह ने तहसील के रिकॉर्ड रूम का अवलोकन करते हुए अभिलेखों के व्यवस्थित रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने रिकॉर्ड रूम को निर्वाचन के स्ट्रांग रूम की तर्ज पर सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से तैयार करने को कहा, ताकि भू-स्वामियों के रिकार्ड एवं अन्य महत्वपूर्ण राजस्व अभिलेखों का सुरक्षित संधारण सुनिश्चित हो सके।
कमिश्नर ने प्रस्तावित भू-अर्जन क्षेत्र में भूमि क्रय-विक्रय पर नियमानुसार प्रतिबंध की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन भू-अर्जन प्रकरणों में अवार्ड पारित हो चुके हैं, उनमें राजस्व अभिलेखों का आवश्यक दुरुस्तीकरण समय पर किया जाए। उन्होंने राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के प्रकरणों को संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण कर पीड़ित परिवारों को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने जनपद पंचायत भोपालपट्टनम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय में संचालित विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए ई-ऑफिस के संचालन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों को अधिक व्यवस्थित एवं समयबद्ध तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय एवं खंड स्रोत समन्वयक कार्यालय का निरीक्षण कर विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने ई-ऑफिस के संचालन की स्थिति की समीक्षा करने के साथ ही विभिन्न पंजियों, अभिलेखों एवं दस्तावेजों के संधारण का अवलोकन किया। उन्होंने सभी पंजियों एवं दस्तावेजों को अद्यतन एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए, ताकि आवश्यक जानकारी तत्काल उपलब्ध हो सके। उन्होंने लक्षित स्कूली बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों एवं गणवेश की उपलब्धता सहित मध्यान्ह भोजन एवं न्यौता भोज के बारे में जानकारी ली। कमिश्नर ने एकीकृत बाल विकास परियोजना कार्यालय का निरीक्षण कर लक्षित बच्चों एवं माताओं को समेकित बाल विकास सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर डोमन सिंह ने अधिकारियों से कहा कि कार्यालयीन व्यवस्थाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्धता बनाए रखते हुए शासन की योजनाओं एवं विभागीय कार्यों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने आम जनता से जुड़े प्रकरणों के निराकरण को प्राथमिकता देने तथा उन्हें बेहतर लोक सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। इस दौरान एसडीएम बीजापुर जागेश्वर कोशल, एसडीएम भोपालपट्टनम यशवंत नाग समेत सीईओ जनपद पंचायत, तहसीलदार और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।