रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

मासिक आर्थिक सहायता से महिलाओं को मिल रहा संबल, त्योहार की जरूरतों के साथ भविष्य के लिए बचत भी कर रहीं महिलाएं

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को दिया कोटिश धन्यवाद

जगदलपुर, 26 अगस्त 2026/ महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ की महिलाओं के जीवन में आर्थिक संबल और आत्मनिर्भरता का माध्यम बन रही है। योजना के तहत मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता से महिलाएं रोजमर्रा की जरूरतों के साथ परिवार की आवश्यकताओं और त्योहारों की तैयारियों को भी आसानी से पूरा कर पा रही हैं। रक्षाबंधन के अवसर पर योजना की किस्त मिलने से महिलाओं के घरों में त्योहार की खुशियां और बढ़ गईं।

         बस्तर जिले के विकासखंड अंतर्गत ग्राम देवड़ा निवासी उर्मिला यादव भी महतारी वंदन योजना से लाभान्वित हो रही हैं। उन्हें योजना की 31वीं किस्त के रूप में एक हजार रुपये की राशि प्राप्त हुई है। रक्षाबंधन के पर्व के समय मिली यह राशि उनके लिए विशेष खुशी लेकर आई। उर्मिला ने बताया कि उन्होंने इस राशि का उपयोग रक्षाबंधन के लिए मिठाइयां, राखियां और उपहार खरीदने में करेंगी। उन्होंने कहा कि त्योहार के समय मिलने वाली यह आर्थिक सहायता उनके परिवार के लिए काफी उपयोगी साबित हुई।

     उर्मिला यादव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा, “विष्णु भाई को बहुत-बहुत धन्यवाद। महतारी वंदन योजना से हमें हर महीने आर्थिक सहारा मिल रहा है। रक्षाबंधन जैसे त्योहार पर यह राशि मिलने से हमारी खुशी दुगुनी हो गई है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री को कोटि-कोटि बधाई और धन्यवाद देती हूं।”

       उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग केवल त्योहारों की जरूरतों तक सीमित नहीं है, बल्कि आकस्मिक आवश्यकताओं को पूरा करने में भी यह राशि महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। नियमित आर्थिक सहायता मिलने से वह हर महीने 300 रुपये बैंक में बचत के रूप में जमा कर रही हैं, ताकि भविष्य में जरूरत पड़ने पर यह राशि काम आ सके।

       उर्मिला ने कहा कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने के लिए भी परिवार को कई बार परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ा है। वे अपनी जरूरतों और परिवार की आवश्यकताओं के संबंध में बेहतर निर्णय ले पा रही हैं। योजना की राशि सीधे महिलाओं के हाथ में पहुंचने से उन्हें आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनने का अवसर मिल रहा है।

    रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और आत्मीयता का पर्व है। ऐसे अवसर पर महतारी वंदन योजना की किस्त मिलने से उर्मिला यादव सहित जिले की अनेक महिलाओं के लिए त्योहार की खुशियां और भी खास हो गईं। योजना की आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए न केवल वर्तमान जरूरतों का सहारा बन रही है, बल्कि उन्हें बचत और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी आगे बढ़ा रही है।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply