रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

संघर्षों को मात देकर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मंच पर चमके राकेश, 29 अगस्त को होगा सम्मान
बीजापुर, 28 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ शासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर घोषित राज्य खेल पुरस्कारों में बस्तर संभाग ने इतिहास रच दिया है। वर्ष 2023-24 के ‘शहीद कौशल यादव पुरस्कार’ के लिए बीजापुर जिले के प्रतिभावान सॉफ्टबॉल खिलाड़ी श्री राकेश कड़ती का चयन किया गया है। राकेश की यह उपलब्धि पूरे बस्तर अंचल के लिए गौरव का विषय है।
बताया गया है कि अविभाजित मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब बस्तर संभाग के किसी खिलाड़ी को राज्य खेल पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। यह सम्मान सॉफ्टबॉल जैसे खेल को नई पहचान देने के साथ ही बस्तर की खेल प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा का नया अध्याय भी है।
संघर्षों को मात देकर हासिल किया मुकाम
राकेश कड़ती की सफलता की कहानी संघर्ष, संकल्प और हौसले की मिसाल है। बचपन में नक्सली हिंसा के दौरान उन्होंने अपने पिता स्व. सोमैया कड़ती और माता स्व. शांति कड़ती को खो दिया। कठिन परिस्थितियों में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने उन्हें टुमॉरो फाउंडेशन में दाखिला दिलाकर शिक्षा और बेहतर भविष्य की राह दिखाई।
इसके बाद बीजापुर जिला प्रशासन द्वारा स्थापित बीजापुर स्पोर्ट्स अकादमी में राकेश ने श्रम निरीक्षक एवं सॉफ्टबॉल प्रशिक्षक तथा उत्कृष्ट खिलाड़ी श्री सोपान कर्णेवार के मार्गदर्शन में सॉफ्टबॉल का प्रशिक्षण प्रारंभ किया। कम उम्र में ही उन्होंने अपनी प्रतिभा और मेहनत से खेल जगत में अलग पहचान बनाई।
11 वर्ष की उम्र से छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व
राकेश ने महज 11 वर्ष की उम्र से ही राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। उनकी प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं—
– सॉफ्टबॉल नेशनल चैंपियनशिप 2021 (सब-जूनियर) — रजत पदक
– सॉफ्टबॉल नेशनल चैंपियनशिप 2022 (सब-जूनियर एवं जूनियर) — दो रजत पदक
– सॉफ्टबॉल नेशनल चैंपियनशिप 2023 (जूनियर) — स्वर्ण पदक
राष्ट्रीय स्तर पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद राकेश का चयन भारतीय टीम के लिए हुआ। उन्होंने अंडर-18 पुरुष सॉफ्टबॉल एशिया कप, कोच्चि (जापान) 2023 तथा द्वितीय अंडर-23 पुरुष सॉफ्टबॉल एशिया कप, बैंकॉक 2025 में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश का मान बढ़ाया।
29 अगस्त को मिलेगा राज्य खेल पुरस्कार
राज्य खेल पुरस्कार अलंकरण समारोह का आयोजन 29 अगस्त 2026 को छत्तीसगढ़ शासन द्वारा किया जाएगा। समारोह में राकेश कड़ती को 1.50 लाख रुपये की नकद राशि, अलंकरण फलक, मान-पत्र एवं सेरेमोनियल ड्रेस प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
राकेश कड़ती की यह उपलब्धि बीजापुर सहित पूरे बस्तर के युवाओं के लिए संदेश है कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद प्रतिभा, मेहनत और सही मार्गदर्शन के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा जा सकता है।
बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने दी शुभकामनाएं
बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने राकेश कड़ती के राज्य खेल पुरस्कार के लिए चयनित होने पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि राकेश की सफलता बीजापुर और बस्तर के लिए गौरव का क्षण है तथा उनकी उपलब्धि जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
राकेश कड़ती की सफलता ने साबित किया है—बस्तर की मिट्टी में प्रतिभा की कोई कमी नहीं, जरूरत है तो उसे अवसर, मार्गदर्शन और मंच देने की।