रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

4 सितम्बर 2026, जगदलपुर। स्व. सिद्धार्थ मिश्रा की स्मृति में जिला फुटबॉल संघ (डीएफए) द्वारा आयोजित डीएफए ट्रॉफी लीग कप नॉकआउट फुटबॉल प्रतियोगिता में शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। इस अवसर पर फुटबॉल क्लब के जिला अध्यक्ष राणा घोष एवं पदाधिकारियों द्वारा श्री मौर्य का आत्मीय स्वागत किया गया।


    प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचने पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रतियोगिता के आज के मैच का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ मैदान में उतरने और अनुशासन बनाए रखने का आह्वान किया।



मौर्य ने कहा कि फुटबॉल जैसे खेल युवाओं में अनुशासन,टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। स्व.सिद्धार्थ मिश्रा की स्मृति में इस प्रकार की प्रतियोगिता का आयोजन उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ शहर और जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर भी प्रदान करता है। मौर्य ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि स्थानीय खिलाड़ियों को लगातार बेहतर मंच, सुविधाएं और प्रोत्साहन उपलब्ध कराया जाए। ऐसे आयोजनों से युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और क्षेत्र में खेल के प्रति उत्साह भी बढ़ता है।

इस अवसर पर शांति नगर पार्षद जस्टिन भवानी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता गौरनाथ नाग, कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, सचिव मोहसिन खान सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष राणा घोष, सचिव राजेश राव सहित पूरी आयोजन टीम, रेफरी एवं प्रतियोगिता में उपस्थित सभी खिलाड़ियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला फुटबॉल संघ की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजनों को निरंतर जारी रखा जाना चाहिए।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply