रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 05 सितम्बर 2026/ भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय रायपुर के तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय ‘राज्य पुरस्कार स्काउट जांच शिविर’ में बस्तर जिले के जिला सचिव लिलेश देवांगन ने परीक्षक के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर अंचल का गौरव बढ़ाया है। राज्य प्रशिक्षण केंद्र झांकी (अभनपुर) में संपन्न हुए इस पांच दिवसीय गहन परीक्षण शिविर में उनके निष्पक्ष और उत्कृष्ट योगदान के लिए शिविर संचालक श्री शैलेन्द्र कुमार मिश्रा द्वारा उन्हें धन्यवाद पत्र भेंट कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

        यह राज्य स्तरीय जांच शिविर राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंग खालसा के कुशल निर्देशन, राज्य सचिव बृजेश बाजपेई और राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) अमित क्षत्रिय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर में रायपुर संभाग से 108 और दुर्ग संभाग से 99 सहित कुल 207 स्काउट्स ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिविर संचालक शैलेन्द्र कुमार मिश्रा के नेतृत्व तथा मुख्य परीक्षक शांतनु कुमार कुर्रे की अगुवाई में गठित वरिष्ठ परीक्षक दल में लिलेश देवांगन शामिल रहे। उन्होंने साथी परीक्षकों के साथ मिलकर ‘एपीआरओ’ नियमों के तहत प्रवेश से लेकर राज्य पुरस्कार तक के पाठ्यक्रमों के आधार पर प्रतिभागियों के लिखित, मौखिक, प्रायोगिक और अभिलेखीय कार्यों की बारीकी से जांच की।

     वर्तमान में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय घाटलोहंगा (बस्तर) में व्याख्याता के पद पर पदस्थ देवांगन सुभाषचंद्र बोस दल के स्काउट मास्टर के रूप में युवाओं को निरंतर अनुशासन, स्वावलंबन और सेवा का मार्ग दिखा रहे हैं। राज्य स्तर पर उनके इस सराहनीय योगदान और सम्मान पर विद्यालय के प्राचार्य विजय दास सहित समस्त विद्यालय परिवार और जिले के शिक्षा व स्काउटिंग जगत से जुड़े लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply