रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 05 सितम्बर 2026/ जिले के तोकापाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम कुरेंगा स्थित माड़ियापारा प्राथमिक शाला एवं माध्यमिक शाला में उत्पन्न पेयजल संकट का प्रशासन द्वारा तत्परता दिखाते हुए त्वरित समाधान कर दिया गया है। इन दोनों स्कूल परिसर पर स्थापित नलकूप से अज्ञात व्यक्ति द्वारा सबमर्सिबल पंप चोरी कर लिए जाने से स्कूली बच्चों के सामने पानी की गंभीर समस्या खड़ी हो गई थी। मामला संज्ञान में आते ही कलेक्टर आकाश छिकारा ने स्कूली बच्चों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को अविलंब स्कूल परिसर के नलकूप को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर के निर्देशानुसार अनुविभागीय दंडाधिकारी तोकापाल और मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत तत्काल सक्रिय हुए और मैदानी स्तर पर सुधार कार्य शुरू करवाया।प्रशासनिक समन्वय के तहत शनिवार को लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग और क्रेडा की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई की।
टीम ने मौके पर पहुंचकर नलकूप की पूरी तकनीकी जांच की और पानी की उपलब्धता को देखते हुए हैण्डपम्प को दुरुस्त कर जलापूर्ति सुनिश्चित कराई। साथ ही परिसर में ही स्थित सोलर ड्यूल पंप का आवश्यक मरम्मत कर पानी की आपूर्ति शुरू कर दी गई है। अब इन दोनों स्कूल में दोबारा स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होने से बच्चों, शिक्षकों और अभिभावकों को काफी सुविधा होगी।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के इस त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कदम की सराहना करते हुए आभार जताया है।