
पेंड्रा-मरवाही। जिले में एक शिक्षक की गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। अपनी मजदूरी मांगने गए एक पेंटर की बेरहमी से पिटाई कर दी गई। पीड़ित ने तत्कालीन छात्रावास अधीक्षक और शिक्षक नोहर सिंह धुर्वे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
एक साल से नहीं दिया था पैसा –
पीड़ित पेंटर के अनुसार, करीब एक साल पहले उसने अधियारखोह छात्रावास में पेंटिंग का काम किया था। यह काम तत्कालीन छात्रावास अधीक्षक नोहर सिंह धुर्वे के कहने पर किया गया था। काम पूरा होने के बावजूद उसे आज तक उसकी मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया था। वह कई बार शिक्षक से अपने पैसे मांग चुका था।
किराना दुकान के पास की पिटाई –
मंगलवार शाम पीड़ित अधियारखोह तिराहे के पास एक किराने की दुकान के पास खड़ा था, तभी वहां नोहर सिंह धुर्वे पहुंच गया। पीड़ित ने फिर से अपनी मजदूरी की मांग की तो शिक्षक आगबूला हो गया।
आरोप है कि नोहर सिंह धुर्वे ने पेंटर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और पास में रखी टेबल उठाकर उस पर हमला कर दिया। हमले में पेंटर गंभीर रूप से घायल हो गया।
थाने में शिकायत –
घटना के बाद पीड़ित अपने परिजनों के साथ गौरेला थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। चोटें गंभीर होने के कारण पुलिस ने पीड़ित को मुलाहिजा के लिए जिला अस्पताल भेजा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।