रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 24 सितंबर 2026/ छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल तथा असंगठित कर्मकार मंडल के पंजीकृत श्रमिकों के श्रम कार्ड में आधार संशोधन और ई-केवाईसी प्रक्रिया को गति देने के लिए श्रम विभाग ने विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है। जिले में कुल 39,942 श्रमिकों के कार्ड संशोधन का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। कलेक्टर आकाश छिकारा द्वारा जारी निर्देशों पर सहायक श्रमायुक्त द्वारा विकासखंडवार सीएससी केंद्रों में विशेष शिविरों के आयोजन का आदेश जारी किया गया है। इन शिविरों के सुचारू संचालन एवं पर्यवेक्षण के लिए विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की तिथिवार ड्यूटी भी सुनिश्चित की गई है।
शिविरों की श्रृंखला में बुधवार 23 सितंबर को बास्तानार विकासखंड के बड़े किलेपाल सीएससी में तथा दरभा विकासखंड के सीएससी केंद्र में शिविर आयोजित किया गया।
अभियान के अगले चरण में कल 24 सितंबर को बकावंड के छिन्दगांव में, 25 सितंबर को बस्तर विकासखंड के मुण्डागांव में तथा 28 सितंबर को बास्तानार के कोड़ेनार में, 29 सितंबर को दरभा के नेगानार सीएससी केंद्र में अभियान के अंतिम दिन 30 सितंबर को बकावंड के जैबेल सीएससी केंद्र में शिविर आयोजित किए जाएंगे।
सहायक श्रमायुक्त ने क्षेत्र के सभी पात्र श्रमिकों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने नजदीकी सीएससी केंद्र पहुंचकर अपने श्रम कार्ड में सुधार व सत्यापन अवश्य कराएं, जिससे उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का सुचारू लाभ मिल सके।