मनमाना किराया तत्काल रोके प्रशासन,अन्यथा RTO कार्यालय का घेराव कर आंदोलन करेगी कांग्रेस

1 अक्टूबर 2026, जगदलपुर।किरंदुल- विशाखापट्नम रेल मार्ग अवरुद्ध होने के कारण बस्तर की ‘लाइफलाइन’ कही जाने वाली किरंदुल- विशाखापट्नम एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन बंद हो गया है। इस आपदा को अवसर में बदलते हुए निजी बस कंपनियां बस्तर की भोली-भाली जनता और यात्रियों की मजबूरी का गलत फायदा उठा रही हैं। जिस बस का किराया पहले ₹750 से ₹800 हुआ करता था, अब वही निजी बस ऑपरेटर यात्रियों से ₹1200 से लेकर ₹1800 तक की खुली वसूली कर रहे हैं।

इस गंभीर समस्या पर गहरा आक्रोश जताते हुए बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अभिषेक नायडू ने जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि जगदलपुर और आसपास के क्षेत्रों से विशाखापट्नम जाने वाले अधिकतर यात्री बेहतर चिकित्सा सेवा और इलाज के लिए जाते हैं। ऐसे में गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लाचार मरीजों और उनके परिजनों से इस तरह की अवैध वसूली करना अत्यंत निंदनीय और शर्मनाक है।अभिषेक नायडू ने स्थानीय प्रशासन, आरटीओ (RTO) बस्तर और प्रदेश के परिवहन मंत्री केदार कश्यप पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन की नाक के नीचे खुलेआम जनता को लूटा जा रहा है और जिम्मेदार अधिकारी गहरी नींद में सो रहे हैं।

क्षेत्र के जनप्रतिनिधि होने के बावजूद परिवहन मंत्री केदार कश्यप का इस मुद्दे पर मौन रहना यह दर्शाता है कि उन्हें बस्तरवासियों के दर्द और समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। RTO बस्तर की सुस्ती और ढुलमुल रवैये के कारण ही निजी बस माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं।कांग्रेस नेता अभिषेक नायडू ने RTO और बस्तर जिला प्रशासन से मांग की है कि इस अवैध वसूली पर तत्काल संज्ञान लिया जाए और मनमाना किराया वसूलने वाली बस कंपनियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप कर किराए पर अंकुश नहीं लगाया और मरीजों व यात्रियों को राहत नहीं पहुंचाई, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हित में RTO कार्यालय का घेराव करने और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply