375 प्रकरणों का मौके पर हुआ निराकरण

जगदलपुर, 01 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के बस्तर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम लामकेर में 21 ग्राम पंचायतों का एक वृहद संयुक्त ‘सेवा सेतु’ शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टालों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर मौके पर ही उनका लाभ उठाया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बस्तर सांसद महेश कश्यप उपस्थित रहे, वहीं उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति वेदवती कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष मनीराम कश्यप सहित क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

शिविर के दौरान बालिका शिक्षा को गति देने के उद्देश्य से सांसद श्री महेश कश्यप ने ‘सरस्वती साइकिल योजना’ के तहत क्षेत्र के सात स्कूलों की छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें प्रदान कीं। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की हितग्राहीमूलक योजनाओं के अंतर्गत चयनित पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री और स्वीकृति पत्र सौंपकर लाभान्वित किया गया।

इस मौके पर शिविर को संबोधित करते हुए सांसद महेश कश्यप ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार का प्रमुख ध्येय समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है, और सेवा सेतु जैसे शिविर इस दिशा में बेहद कारगर साबित हो रहे हैं। हाल ही में क्षेत्र में आई बाढ़ की आपदा का जिक्र करते हुए उन्होंने प्रभावित परिवारों से सरकार की राहत एवं पुनर्वास योजनाओं का पूरा लाभ लेने का आह्वान किया और प्रशासन को निर्देश दिए कि कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे। बेटियों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने कहा कि साइकिल मिलने से छात्राओं को स्कूल आने-जाने में सहूलियत होगी और उनकी पढ़ाई निर्बाध रूप से जारी रहेगी।

साथ ही उन्होंने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने को कहा। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप ने भी संबोधित कर शासकीय योजनाओं पर प्रकाश डाला। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित होकर विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हुए। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 405 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से सजग प्रशासनिक पहल के चलते 375 प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निराकरण कर ग्रामीणों को तत्काल राहत प्रदान की गई।

इसके साथ ही स्कूली बच्चों को स्थायी जाति प्रमाण पत्र बांटे गए। जरूरतमंदों को पक्का आशियाना उपलब्ध कराने की दिशा में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बड़े चकवा, लामकेर, परचनपाल और महुपाल बरई क्षेत्र के 11 लाभार्थियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के तहत 8 हितग्राहियों को व्यक्तिगत शौचालय स्वीकृति प्रमाण पत्र दिए गए। स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ करते हुए 10 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए तथा स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल द्वारा ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं दी गईं। राजस्व एवं कृषि सुधार के तहत 8 ग्रामीणों को स्वामित्व अधिकार अभिलेख और 5 किसानों को डिजिटल किसान किताब प्रदान की गई।

साथ ही कृषि विभाग के अधिकारियों ने फसल बीमा व क्षतिपूर्ति से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन के तहत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) के माध्यम से लामकेर के स्व-सहायता समूहों को आर्थिक संबल प्रदान करते हुए एक समूह को 6 लाख रुपए और दूसरे समूह को 5 लाख रुपए का बैंक लिंकेज चेक सौंपा गया।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply