
जगदलपुर, 3 अक्टूबर 2026/ वन परिक्षेत्र भानपुरी के अंतर्गत ग्राम पंचायत बाकेल में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा विकसित किए गए विशाल फलोद्यान का लोकार्पण गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप रहे। 13 हेक्टेयर के विस्तृत भूभाग में फैला यह फलोद्यान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों की आजीविका को नई दिशा देने की दिशा में एक अहम कदम है। इस उद्यान की सबसे प्रमुख विशेषता यह है कि इसमें रोपे गए सभी 7,800 फलदार पौधे उच्च गुणवत्ता वाली उन्नत ग्राफ्टेड एवं हाइब्रिड किस्मों के हैं, जो आने वाले समय में ग्रामीणों के लिए आय और पोषण सुरक्षा का सशक्त माध्यम बनेंगे।

लोकार्पण अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने इस फलोद्यान को क्षेत्र के लिए एक अनूठी सौगात बताया और वन संवर्धन में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
2 से 8 अक्टूबर तक आयोजित हो रहे वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के उपलक्ष्य में मंत्री श्री कश्यप ने नागरिकों से वन्यजीवों के प्रति दयाभाव रखने और उनके संरक्षण में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने बस्तर के वनों में वन्यप्राणियों की बढ़ती संख्या और निरंतर दर्ज हो रही गतिविधियों को जैव विविधता की दृष्टि से उत्साहजनक बताते हुए ग्रामीणों को वन्यजीवों के साथ सुरक्षित सह-अस्तित्व के तौर-तरीकों से अवगत कराया। इसके साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान का संदेश भी उपस्थित जनसमूह के बीच साझा किया।
समारोह में मुख्य वन संरक्षक स्टायलो मंडावी ने स्वागत उद्बोधन देते हुए फलोद्यान में रोपित विभिन्न प्रजातियों और उनकी तकनीकी विशेषताओं पर प्रकाश डाला, वहीं डीएफओ बस्तर दीपेश कपिल ने इस हरित पहल में जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के निरंतर सहयोग के प्रति आभार प्रकट किया। अतिथियों ने परिसर में पौधरोपण कर हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मंत्री कश्यप ने कुल 89.23 लाख रुपये की लागत से होने वाले चार महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया। इन विकास कार्यों में मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना के तहत ग्राम पंचायत गुनपुर में 27.88 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क सह नाली, ग्राम पंचायत घोटिया में 30 लाख रुपये की लागत से बनने वाला महतारी सदन, ग्राम पंचायत भानपुरी के फरसागुड़ा नेताजी पारा में 24.35 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाला सामुदायिक भवन तथा ग्राम पंचायत तारागांव में मुख्य मार्ग से तालाब पहुंच मार्ग पर 7 लाख रुपये की लागत से बनने वाली 2 मीटर पुलिया शामिल है।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, इंद्रावती विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी, जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।