
‘रावे’ कार्यक्रम के तहत वैज्ञानिकों और ग्रामीणों के बीच हुआ सीधा संवाद
जगदलपुर, 15 अक्टूबर 2026/ शहीद गुण्डाधुर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र कुम्हरावंड द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ग्रामीण कृषि कार्य अनुभव कार्यक्रम के तहत तोकापाल विकासखंड के ग्राम देउरगांव में एक दिवसीय वृहद कृषि जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत के सरपंच मंधार्ब कश्यप के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में लगभग 250 ग्रामीणों, स्कूली विद्यार्थियों, कृषि वैज्ञानिकों और प्राध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस आयोजन की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धि गांव में कृषि सूचना केंद्र का शुभारंभ रहा, जिसके माध्यम से अब स्थानीय किसानों को आधुनिक तकनीकों और उन्नत खेती से जुड़ी वैज्ञानिक जानकारियां सीधे उनके गांव में ही निरंतर उपलब्ध हो सकेंगी।
इस कार्यक्रम के दौरान कृषि छात्रों ने सहभागी ग्रामीण मूल्यांकन पद्धति के माध्यम से देउरगांव की भौगोलिक स्थिति, प्राकृतिक संसाधनों और खेती की जमीनी परिस्थितियों का विस्तृत अध्ययन कर गांव की प्राथमिक समस्याओं और विकास की संभावनाओं को रेखांकित किया। इस मौके पर आयोजित किसान चौपाल में क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केंद्र के सह-संचालक (अनुसंधान) डॉ एके ठाकुर, महिला स्वयं सहायता समूह प्रमुख जेमा सेठिया, डॉ एनसी. मंडावी, डॉ जेएल सलाम और डॉ नीता मिश्रा सहित अन्य कृषि विशेषज्ञों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया। सत्र के दौरान उपस्थित किसान अभय दास, बालमुकुंद दास, वीरेंद्र, लोकनाथ और गणेश बघेल सहित कई ग्रामीणों ने फसल सुरक्षा, कीट नियंत्रण और पशुओं की मौसमी बीमारियों से जुड़े सवाल रखे, जिनका विशेषज्ञों ने मौके पर ही वैज्ञानिक व व्यावहारिक समाधान प्रस्तुत किया।वैज्ञानिकों ने इस पहल को दोहरा लाभकारी बताते हुए कहा कि इससे जहां एक ओर किसानों को आधुनिक खेती के गुर सीखने का अवसर मिला, वहीं दूसरी ओर भावी कृषि स्नातकों को ग्रामीण परिवेश और किसानों की वास्तविक चुनौतियों का प्रत्यक्ष व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। ग्रामीणों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी के साथ यह ज्ञानवर्धक आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।