
पत्र सूचना कार्यालय, रायपुर द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय
बीजापुर के सहयोग से 4 नवंबर को पत्रकारों के लिए विशेष संवाद कार्यक्रम का आयोजन
रायपुर, 3 नवंबर 2026। वामपंथी उग्रवाद से मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाओं, जमीनी बदलावों और सरकार की विकासपरक पहलों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से पत्र सूचना कार्यालय (PIB), रायपुर द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय, बीजापुर के सहयोग से बुधवार, 4 नवंबर 2026 को बीजापुर में वार्तालाप कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम विशेष रूप से मीडिया प्रतिनिधियों एवं पत्रकारों के लिए आयोजित किया जा रहा है।
गृह मंत्रालय की वामपंथी उग्रवाद के बाद की स्थिति (Post-LWE Phase) संबंधी व्यापक मीडिया रणनीति के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पत्रकारों को वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित रहे क्षेत्रों में हुए बदलावों, विकास कार्यों तथा शांति एवं विश्वास बहाली के प्रयासों से अवगत कराना है।कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के साथ वामपंथी उग्रवाद से मुक्त भारत के लक्ष्य की प्राप्ति, इन क्षेत्रों में विकास की राह में नक्सलवाद से उत्पन्न बाधाओं तथा उग्रवाद के बाद क्षेत्र के भविष्य के लिए सरकार की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
इसके साथ ही नक्सलवाद के दौरान स्थानीय जनजीवन पर पड़े प्रभाव, विशेषकर महिलाओं के शोषण एवं उन पर हुए अत्याचारों, तथा वामपंथी उग्रवाद के विरुद्ध संघर्ष में सुरक्षा बलों के बलिदान, वीरता और अदम्य साहस की प्रेरक कहानियों पर भी जानकारी साझा की जाएगी।वार्तालाप कार्यक्रम में क्षेत्र में शांति की स्थापना के बाद हो रहे विकास कार्यों, स्थानीय समुदायों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों तथा वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित क्षेत्रों की सफलता की कहानियों को विशेष रूप से सामने लाया जाएगा।
इसका उद्देश्य पत्रकारों को इन क्षेत्रों की वास्तविक स्थिति और विकास की बदलती तस्वीर से अवगत कराना है, ताकि इन उपलब्धियों और सकारात्मक बदलावों को व्यापक स्तर पर जनसामान्य तक पहुंचाया जा सके।यह पहल वामपंथी उग्रवाद से प्रभावित रहे जिलों में शांति, सुरक्षा, विकास और जनविश्वास को मजबूत करने के लिए किए जा रहे प्रयासों को मीडिया के माध्यम से राष्ट्रीय एवं क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।