रिपोर्ट– जय शंकर पांडे

11 नवंबर 2026, हिसार । हिसार पुलिस के कर्मचारी एवं उनके परिवारों की प्रतिभाएं विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मेहनत और लगन से लगातार सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही हैं। इसी कड़ी में एएसआई पवन कुमार, प्रभारी सीसीटीएन हिसार पुलिस के बेटे रोहित ने कराटे खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिसार पुलिस के साथ साथ हरियाणा प्रदेश का नाम रोशन किया है।

रोहित अब तक विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिताओं में भाग लेकर कुल 11 पदक अपने नाम कर चुके हैं। इनमें 3 स्वर्ण, 3 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। हाल ही में रोहित ने मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित 11वीं इंटरनेशनल ओपन कराटे चैंपियनशिप (KL Mayor’s Cup-2026) में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया।

आज रोहित अपने पिता एएसआई पवन कुमार के साथ पुलिस अधीक्षक हिसार सिद्धान्त जैन, आईपीएस से मिले। इस अवसर पर एसपी हिसार ने रोहित को गले में मेडल पहनाकर सम्मानित किया और इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रोहित की उपलब्धि न केवल उसके परिवार, बल्कि पूरे हरियाणा प्रदेश और हिसार पुलिस परिवार के लिए गर्व का विषय है। खेलों में इस प्रकार की सफलता निरंतर अभ्यास, अनुशासन, मेहनत और दृढ़ संकल्प का परिणाम होती है।

उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मचारियों के बच्चे शिक्षा, खेल, कला और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, जो पूरे पुलिस परिवार के लिए प्रेरणादायक है।एसपी हिसार ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों की रुचि और प्रतिभा को पहचानें तथा उन्हें खेलों एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।

बच्चों को उचित अवसर, मार्गदर्शन और सहयोग मिले तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।एसपी हिसार ने कहा कि बच्चों की सफलता ही परिवार की सबसे बड़ी उपलब्धि है।

हमें अपने बच्चों के सपनों को प्रोत्साहित करना चाहिए, ताकि वे अपनी मेहनत और प्रतिभा से परिवार, समाज, प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply