19 नवंबर 2026, जगदलपुर (बस्तर)। पूर्व में खबर प्रेषित की गई थी कि कचनार स्थित लैम्प्स में प्रबंधक के द्वारा जाली दस्तखत करके किसानों का पैसा निकाला जा रहा था।

कचनार आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और किसानों की शिकायतों के बीच बड़ी कार्रवाई हुई है। समिति की पूर्व प्रभारी समिति प्रबंधक ललिता राव को 16 नवंबर 2026 से निलंबित कर दिया गया है।

निलंबित आदेश की प्रति 👆

समिति द्वारा जारी निलंबन आदेश में छत्तीसगढ़ सहकारी समिति कर्मचारी सेवा नियम 2018 का हवाला दिया गया है। आदेश के अनुसार, प्रबंधकीय कर्तव्यों का समुचित ढंग से पालन नहीं करने, लापरवाही बरतने, बिना पूर्व सूचना कार्यस्थल से अनुपस्थित रहने तथा कार्य के प्रति असावधानी बरतने के आरोपों को आधार बनाया गया है।

गौरतलब है कि कचनार लैम्प्स में खाद वितरण में कथित गड़बड़ी, किसानों को खाद उपलब्ध नहीं कराने तथा उनके बैंक खातों में खाद के नाम पर कथित ऋण प्रविष्टियों और फर्जी हस्ताक्षरों को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आई थीं।

इस मामले को लेकर किसानों में नाराजगी भी देखी गई थी। अब निलंबन की कार्रवाई के बाद किसानों को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और न्याय मिलने की उम्मीद है।

बड़ा सवाल यह है कि क्या जांच केवल निलंबन तक सीमित रहेगी या किसानों के खातों में दर्ज कथित गड़बड़ियों की भी गहराई से जांच कर जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी ?

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply