
जगदलपुर (बस्तर), 19 नवंबर 2026।खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और आम नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जगदलपुर में सख्ती दिखाई है। छत्तीसगढ़ के नियंत्रक/आयुक्त खाद्य सुरक्षा के निर्देश पर 16 से 30 नवंबर तक ‘सुरक्षित आहार, हमर अधिकार’ विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत 17 नवंबर को खाद्य सुरक्षा जिला बस्तर की टीम ने धरमपुरा नंबर-01 स्थित कैलाश स्वीट्स का निरीक्षण किया।

जांच के दौरान प्रतिष्ठान में अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए आगामी आदेश तक स्वीट्स शॉप को बंद करा दिया गया। यहां से बालूशाही एवं आलू मसाला के दो खाद्य नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।वहीं चित्रकोट रोड स्थित ओडियानी रेस्टोरेंट एवं एक्स्ट्राक्लास रेस्टोरेंट का भी निरीक्षण किया गया।

एक्स्ट्राक्लास रेस्टोरेंट में 10 पैकेट एक्सपायरी पिज्जा बेस पाए जाने पर उन्हें मौके पर ही नष्ट कराया गया।
तीनों प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं तथा सुधार सूचना (Improvement Notice) जारी की जा रही है।
यह कार्रवाई अभिहित अधिकारी पूनम कुंजाम कांडे के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने की। विभाग ने अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।