
22 नवंबर 2026, रायपुर। भारत और ब्रिटेन के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) का असर अब छत्तीसगढ़ के शराब बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। स्कॉच व्हिस्की पर आयात शुल्क 150 प्रतिशत से घटकर 75 प्रतिशत होने के बाद प्रदेश में विदेशी शराब के 33 प्रीमियम ब्रांडों की नई दरों को मंजूरी दी गई है।
छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के शेष महीनों के लिए नई शुल्क सूची जारी की है। इसके तहत जॉनी वॉकर, चिवास रीगल, रॉयल सैल्यूट, ग्लेनलिवेट, ड्यूअर्स, बॉलेंटाइन और सिंगलटन जैसे लोकप्रिय विदेशी ब्रांड शामिल हैं।
नई दरों के अनुसार, जॉनी वॉकर 18 ईयर के एक केस की कीमत में लगभग पांच हजार रुपये की कमी आई है। भारत और ब्रिटेन के बीच लंबे समय तक चली व्यापारिक चर्चाओं के बाद पिछले वर्ष लंदन में मुक्त व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। यह समझौता भारत में 15 जुलाई से लागू हुआ है।
इसके तहत दोनों देशों के बीच आयात और निर्यात होने वाले कई उत्पादों पर शुल्क कम करने का प्रावधान किया गया है। इसका फायदा वस्त्र, ऑटोमोबाइल, व्हिस्की, टेक्नोलॉजी और फार्मा जैसे क्षेत्रों को मिलने की उम्मीद है।