
जगदलपुर, 27 नवंबर 2026 स्थायी लोक अदालत जगदलपुर की माननीय चेयरमैन एवं जिला न्यायाधीश उदयलक्ष्मी सिंह जी परमार ने आज हायर सेकेंडरी भगत सिंह स्कूल में आयोजित विधिक जागरूकता शिविर में बच्चों को कानून की महत्वपूर्ण जानकारी दी।कार्यक्रम की अध्यक्षता शाला की प्राचार्य विनीता बेंजामिन जी ने की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पधारी माननीय महोदया का प्राचार्य विनीता बेंजामिन जी एवं शाला परिवार ने करतल ध्वनि कर स्वागत किया।अपने उद्बोधन में माननीय महोदया ने बच्चों को सरल भाषा में समझाया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह करना गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह से बच्चों का भविष्य, पढ़ाई और स्वास्थ्य खराब होता है।

अगर कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस, शिक्षक या चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें। उन्होंने पॉक्सो अधिनियम के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ किसी भी प्रकार का गलत व्यवहार, छेड़छाड़ या शोषण गंभीर अपराध है। बच्चों को गुड टच और बैड टच की पहचान कराई गई और समझाया गया कि ऐसी स्थिति में डरें नहीं, चुप न रहें, तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को बताएं।इसके साथ ही उन्होंने निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद व्यक्ति को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क वकील और कानूनी सहायता मिलती है। लोक अदालत के माध्यम से विवादों का निपटारा बिना शुल्क और शीघ्र किया जाता है।कार्यक्रम में बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका माननीय महोदया ने सरलता से उत्तर दिया।
अंत में प्राचार्य श्रीमती विनीता बेंजामिन जी ने माननीय महोदया का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर शाला के शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं पी एल वी संदीप डेनियल व्याख्याता अनिल कुमार शुक्ला का सहयोग रहा पालक जन बड़ी संख्या में उपस्थित थे।