जातिगत जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम की मांग,अधिकारों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं, हक नहीं मिला तो ओबीसी समाज लोकतांत्रिक तरीके से करेगा निर्णायक संघर्ष .

29 नवंबर 2026, जगदलपुर।ओबीसी समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय और आबादी के अनुपात में उचित प्रतिनिधित्व की मांग को लेकर बस्तर जिला पिछड़ा वर्ग के अध्यक्ष शुभम यदु ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से कहा कि अब ओबीसी समाज को नजरअंदाज करने और उसके अधिकारों को टालने का दौर नहीं चलेगा। देश और प्रदेश की बड़ी आबादी का हिस्सा होने के बावजूद ओबीसी वर्ग को आज भी उसके वास्तविक हक, सम्मान और राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधित्व से वंचित रखा जा रहा है।

यह स्थिति सामाजिक न्याय और संविधान की मूल भावना के अनुरूप नहीं है।

शुभम यदु ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी समाज को उसकी आबादी के अनुपात में अवसर और प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। ओबीसी समाज भी देश के विकास, अर्थव्यवस्था, कृषि, व्यापार, श्रम और सामाजिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, लेकिन जब अधिकार और भागीदारी सुनिश्चित करने की बात आती है तो इस वर्ग की मांगों को लगातार नजरअंदाज किया जाता है। भाजपा सरकार एक ओर सबका साथ, सबका विकास और सामाजिक समरसता की बात करती है, वहीं दूसरी ओर ओबीसी समाज को उसके वास्तविक अधिकार देने के सवाल पर ठोस कदम उठाने से पीछे हटती नजर आती है।ओबीसी समाज की वास्तविक जनसंख्या का सही और प्रमाणिक आंकड़ा सामने लाने के लिए जातिगत जनगणना अत्यंत आवश्यक है।

जातिगत जनगणना में ओबीसी समाज के लिए अलग कॉलम और स्पष्ट प्रावधान होना चाहिए, ताकि इस वर्ग की वास्तविक आबादी का सटीक आकलन हो सके। जब तक किसी समाज की वास्तविक जनसंख्या और उसकी सामाजिक-आर्थिक स्थिति के प्रमाणिक आंकड़े उपलब्ध नहीं होंगे, तब तक उसके लिए उचित नीतियां, योजनाएं और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना मुश्किल होगा। केवल राजनीतिक मंचों से पिछड़ा वर्ग के उत्थान की बातें करने से समाज का विकास नहीं होगा, बल्कि इसके लिए ईमानदार राजनीतिक इच्छाशक्ति और ठोस निर्णय लेने होंगे।

शुभम यदु ने भाजपा सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के समय ओबीसी समाज की याद आती है, उसके वोट और समर्थन की जरूरत महसूस होती है, लेकिन जब उसी समाज को आबादी के अनुपात में अधिकार, आरक्षण और उचित प्रतिनिधित्व देने की बात आती है तो सरकार की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। आखिर कब तक ओबीसी समाज को आश्वासनों और घोषणाओं के सहारे रखा जाएगा? क्या सामाजिक न्याय की बातें केवल चुनावी भाषणों तक ही सीमित रहेंगी? सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि ओबीसी समाज को उसका संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार देने के लिए अब तक क्या ठोस प्रयास किए गए हैं।

ओबीसी समाज के लिए निर्धारित आरक्षण को प्रभावी रूप से लागू किया जाना चाहिए। आरक्षण केवल एक सुविधा नहीं, बल्कि ऐतिहासिक सामाजिक और शैक्षणिक पिछड़ेपन को दूर कर समान अवसर उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण माध्यम है। शिक्षा, रोजगार, राजनीतिक भागीदारी और प्रशासनिक व्यवस्था में ओबीसी वर्ग को उसका उचित स्थान मिलना चाहिए। आरक्षण के प्रावधानों को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनावश्यक देरी या राजनीतिक भ्रम की स्थिति स्वीकार नहीं की जाएगी।शुभम यदु ने कहा कि ओबीसी महासभा का स्पष्ट संकल्प है कि अधिकार नहीं तो संघर्ष की राह पर चलेंगे।

यह संघर्ष किसी के विरुद्ध नहीं, बल्कि अपने हक, सम्मान, समान अवसर और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए होगा। ओबीसी समाज अब अपने अधिकारों के प्रति जागरूक हो चुका है और अपने हक की आवाज को गांव, शहर, जिला, प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक बुलंद करेगा।भाजपा सरकार को ओबीसी समाज की मांगों को गंभीरता से लेते हुए जातिगत जनगणना में अलग कॉलम सुनिश्चित करने, आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने तथा आरक्षण को प्रभावी ढंग से लागू करने की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए। सरकार को समझना होगा कि किसी भी समाज की अनदेखी करके समावेशी विकास का सपना पूरा नहीं किया जा सकता।

अंत में शुभम यदु ने कहा कि ओबीसी समाज अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि अपने अधिकारों पर स्पष्ट निर्णय चाहता है। यह समाज किसी से अपना हक मांगकर एहसान नहीं चाहता, बल्कि समानता और सामाजिक न्याय के आधार पर अपना उचित अधिकार चाहता है। अब वक्त आ गया है कि सरकार ओबीसी समाज की आवाज सुने और उसके अधिकारों को सम्मानपूर्वक स्वीकार करे।

जब तक आबादी के अनुपात में अधिकार, सम्मान और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित नहीं होगा, तब तक ओबीसी समाज की आवाज और संघर्ष जारी रहेगा।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply

You missed