
बीजापुर, 29 नवंबर 2026/छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप जी के मुख्य आतिथ्य में आज बांसागर डिपो, बीजापुर में ‘Nature Fit Club – Gym & Fitness Centre’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। कश्यप ने फीता काटकर फिटनेस सेंटर का लोकार्पण किया तथा जिम में उपलब्ध आधुनिक व्यायाम उपकरणों एवं सुविधाओं का अवलोकन किया।

इस अवसर पर कलेक्टर विश्वदीप ( वनमंडलाधिकारी (सामान्य) बीजापुर सागर रामचंद्र जाधव (IFS), पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार गुप्ता, इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उप निदेशक सुमेध संजय सुरवणे सहित जिला प्रशासन वन एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप जी ने शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक सुदृढ़ता एवं नियमित व्यायाम के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन ही बेहतर कार्यक्षमता एवं सकारात्मक जीवनशैली का आधार हैं। उन्होंने फिटनेस सेंटर की स्थापना को एक सराहनीय पहल बताते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित व्यायाम तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
‘नेचर फिट क्लब’ में आधुनिक जिम उपकरणों, व्यायाम मशीनों एवं अन्य फिटनेस सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। यह केंद्र वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, शारीरिक क्षमता विकसित करने तथा तनावमुक्त एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने इस पहल की सराहना की तथा स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
यह पहल वन विभाग के कार्यबल को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ, ऊर्जावान और कार्य के प्रति अधिक सक्षम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।