
“गांव की सड़क के लिए वन कानून का रोना रोने वाला प्रशासन, पूंजीपतियों के लिए बैलाडीला का सीना चीरने की अनुमति किसके इशारे पर दे रहा है?” – नरेन्द्र भवानी
29 नवंबर 2026, जगदलपुर। दंतेवाड़ा जिले के बचेली-किरंदुल क्षेत्र स्थित बैलाडीला के डिपॉजिट-4 (निक्षेप-4) लौह अयस्क खदान को लेकर चल रहे विवाद ने अब निर्णायक मोड़ ले लिया है। छत्तीसगढ़ युवा मंच के संस्थापक एवं जगदलपुर विधानसभा के पूर्व विधायक प्रत्याशी (आम आदमी पार्टी) नरेन्द्र भवानी ने आज एक तीखा बयान जारी करते हुए NMDC-NCL प्रबंधन और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने फर्जी ग्रामसभा के जरिए खनन की अनुमति लेने और बिना वैधानिक प्रक्रिया के पहाड़ व जंगल काटने के मामले में तत्काल उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी आपराधिक कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन और NCL प्रबंधन से सीधे सवाल: भवानी ने प्रशासन और खदान प्रबंधन से जवाब मांगते हुए कहा:
1. फर्जी ग्रामसभा का सच क्या है? संविधान की पांचवीं अनुसूची के तहत बस्तर में पेसा (PESA) और वन अधिकार कानून (FRA) लागू है। जब भांसी समेत बैलाडीला की 48 पंचायतों के ग्रामीण साफ कह रहे हैं कि उन्होंने डिपॉजिट-4 के लिए कोई सहमति नहीं दी, तो फिर कागजों में ग्रामसभा की एनओसी (NOC) किसके फर्जी हस्ताक्षरों से तैयार की गई?
2. दोहरे मापदंड क्यों? जब बस्तर के आदिवासी ग्रामीण अपने गांव के लिए एक अदद सड़क या पुलिया की मांग करते हैं, तो वन विभाग और प्रशासन ‘वन संरक्षण अधिनियम’ का हवाला देकर काम रोक देता है। फिर डिपॉजिट-4 में खनन मशीनों के लिए घने जंगल और पहाड़ काटकर रातों-रात सड़कें बनाने की खुली छूट किस कानून के तहत दी गई?
3. आस्था और पर्यावरण से खिलवाड़ का जिम्मेदार कौन? बैलाडीला की पहाड़ियां बस्तर का ‘ऑक्सीजन बैंक’ होने के साथ-साथ आदिवासियों के देवस्थलों (अनालपेन, देवीधानी और जागा जिन्नी) की आस्था का केंद्र हैं। नंदराज पर्वत (डिपॉजिट-13) के बाद अब डिपॉजिट-4 को निजी हाथों (MDO) में सौंपने की साजिश क्यों रची जा रही है?
कार्रवाई की प्रमुख मांगें: नरेन्द्र भवानी ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन को चेतावनी देते हुए निम्नलिखित मांगें रखी हैं:
डिपॉजिट-4 के लिए कथित रूप से तैयार की गई फर्जी ग्रामसभा की एनओसी को तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाए।
• फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले NCL अधिकारियों और संबंधित प्रशासनिक कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी व पेसा कानून के उल्लंघन का मुकदमा (FIR) दर्ज किया जाए।
• पहाड़ी पर चल रहे अवैध सड़क निर्माण और पेड़ों की कटाई को तुरंत रोका जाए और पूर्व में हुई कटाई की भरपाई तय की जाए।
• बस्तर के जल, जंगल, जमीन और स्थानीय युवाओं के रोजगार के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
भवानी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “बस्तर के संसाधनों की लूट और आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों का हनन अब किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
यदि प्रशासन ने जल्द ही इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की और खनन की तैयारियों पर रोक नहीं लगाई, तो छत्तीसगढ़ युवा मंच और आम आदमी पार्टी बस्तर के युवाओं व ग्रामीणों के साथ मिलकर उग्र जनआंदोलन करने को बाध्य होगी, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।