जगदलपुर, 16 फरवरी 2026/ स्वास्थ्य विभाग की शहरी स्वास्थ्य इकाई द्वारा 16 फरवरी को शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं के प्रचार-प्रसार हेतु जगदलपुर शहर के पार्षदों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शहरी स्वास्थ्य जिला प्रबंधक श्री पीडी बस्तिया ने शहरी क्षेत्र की स्वास्थ्य संस्थाओं और वहां प्रदान की जा रही विभिन्न सेवाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।

               कार्यशाला के दौरान उपस्थित पार्षदों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्राप्त नई जानकारियों से वे जन-साधारण को बेहतर ढंग से जागरूक कर सकेंगे और अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिला पाएंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर श्री संजय पांडे ने शहरी स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाओं को सराहा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का आह्वान किया।


         इस अवसर पर  जगदलपुर में संचालित तीनों शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक प्रमाण पत्र मिलने पर मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजय बसाक सहित डॉ. विराट तिवारी, डॉ. मौमीता, डॉ. रोहित एवं डॉ. समीम को प्रमाण पत्र प्रदान कर बधाई दी गई। कार्यशाला में उपस्थित पार्षदों ने भी स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर अपने बहुमूल्य सुझाव दिए। वर्तमान में गीदम रोड स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रधानमंत्री मातृत्व स्वास्थ्य अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह की 09 एवं 24 तारीख को निःशुल्क सोनोग्राफी एवं एएनसी की सुविधा दी जा रही है, जहाँ विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निश्चित दिवसों पर सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

              मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक ने भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय के ओपीडी भार को कम करने के उद्देश्य से शहरी स्वास्थ्य केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि निकट भविष्य में इन केंद्रों पर सोनोग्राफी, एक्स-रे और ईसीजी जैसी आधुनिक सुविधाएं भी आम जनता के लिए मुहैया कराई जाएंगी। इस कार्यशाला में डॉ. विरेन्द्र ठाकुर (जिला सर्वेलेंस अधिकारी), डॉ. भंवर शर्मा (नोडल अधिकारी), श्री पी.डी. बस्तिया सहित स्वास्थ्य विभाग की श्रीमती पल्लवी, श्री चंचल जोशी, तामेश्वरी, वर्षा नामदेव, शेखर, रोहित, श्री नईम कुरैशी एवं मितानिन प्रशिक्षक तथा अन्य विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

संपादक–ऋषभ कुमार

मो.–6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply