जगदलपुर, 10 मार्च 2026/ जिले में अब जिला प्रशासन ने बास्तानार विकासखंड की सभी ग्राम पंचायतों में जन  चौपाल   लगाने की तैयारी पूरी कर ली है। पूर्व में लोहंडीगुड़ा और बकावंड विकासखंडों में सफल आयोजनों के बाद अब यह जन  चौपाल  बास्तानार विकास खण्ड के ग्राम पंचायतों में आयोजित की जाएंगी।

              कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार आगामी 12 मार्च को बास्तानार की 34 ग्राम पंचायतों में नोडल अधिकारियों को दायित्व सौंपी गई है, जो सुबह 10 बजे से ही अपने आवंटित ग्राम पंचायत क्षेत्रों में भ्रमण कर मूलभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों का जायजा लेंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं जैसे सामाजिक सहायता कार्यक्रम, राष्ट्रीय टीकाकरण, मध्यान्ह भोजन, पूरक पोषण आहार, हर घर नल-जल और प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के क्रियान्वयन का गहन निरीक्षण करना है। निरीक्षण के दौरान अधिकारी न केवल स्कूलों, आंगनबाड़ियों, उचित मूल्य की दुकानों और स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा करेंगे, बल्कि वहां दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता, दवाइयों की उपलब्धता और साफ-सफाई का भी विशेष जायजा लेंगे। व्यवस्था को पारदर्शी और जन-केंद्रित बनाने के लिए यह निर्धारित किया गया है कि निरीक्षण के पश्चात दोपहर 02 बजे पंचायत नोडल अधिकारी ग्राम पंचायत भवन में ग्रामीणों के साथ सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा करेंगे। 

             दिन भर की गतिविधियों और प्राप्त फीडबैक की गंभीरता को देखते हुए, उसी दिन शाम 04.30 बजे जनपद पंचायत मुख्यालय में कलेक्टर द्वारा समीक्षा बैठक ली जाएगी, जिसमें सभी नोडल अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी। इस वृहद अभियान के लिए जिला स्तर से लेकर पंचायत स्तर तक के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित प्रपत्र में अपनी रिपोर्ट जिला पंचायत की शिकायत शाखा में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें।

संपादक –ऋषभ कुमार

मो.–6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply