रिपोर्ट –जय शंकर पांडे



जगदलपुर, 11 मार्च 2026/बस्तर एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है। आगामी रविवार 22 मार्च को आयोजित होने वाली बस्तर हेरिटेज मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि बस्तर की समृद्ध विरासत, अदम्य साहस और प्राकृतिक सुंदरता का एक अनूठा संगम बनने जा रही है। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग के साझा प्रयासों से आयोजित इस महाकुंभ का मुख्य आकर्षण 42 किलोमीटर की फुल मैराथन होगी, जिसकी शुरुआत जगदलपुर के ऐतिहासिक लालबाग मैदान से होगी और इसका भव्य समापन विश्व प्रसिद्ध भारत के नियाग्रा कहे जाने वाले चित्रकोट जलप्रपात के तट पर होगा। यह दौड़ धावकों को बस्तर के पारंपरिक गांवों और नैसर्गिक सौंदर्य के बीच से गुजरते हुए एक अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करेगी।

            इस आयोजन को समावेशी बनाने के लिए आयोजकों ने इसे तीन प्रमुख श्रेणियों फुल मैराथन (42 किमी), हाफ मैराथन (21 किमी) सहित 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर की फन रन में विभाजित किया है। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से कुल 25 लाख रुपये की विशाल इनामी राशि की घोषणा की गई है, जो विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं के बीच वितरित की जाएगी।

         विशेष बात यह है कि प्रतियोगिता में ओपन कैटेगरी के साथ-साथ बस्तर कैटेगरी को भी शामिल किया गया है, ताकि स्थानीय धावकों को अपनी प्रतिभा दिखाने का विशेष अवसर मिल सके। 10 किलोमीटर की श्रेणी में 18 वर्ष से कम आयु के जूनियर वर्ग और उससे अधिक आयु के ओपन वर्ग के लिए भी अलग-अलग प्रावधान किए गए हैं, जिससे पहली बार दौड़ने वाले युवाओं और फिटनेस प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है।



         स्थानीय समुदायों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बस्तर जिले के सभी धावकों के लिए पंजीकरण पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है। आयोजकों ने आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए पंजीकरण प्रक्रिया को बेहद सरल बनाया है। इच्छुक खिलाड़ी आधिकारिक वेबसाइट www.bastarheritage.run पर जाकर या विज्ञापन में दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर अपना स्थान सुरक्षित कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 92440-79533 भी जारी किया गया है। बस्तर कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने बस्तर सहित अन्य क्षेत्रों के धावकों को भी इस मैराथन में शामिल होने के लिए अधिक से अधिक संख्या में पंजीयन करवाने की अपील की है।

संपादक –ऋषभ कुमार

मो.–6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply