रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

जगदलपुर, 15 मार्च 2026/ बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड के ग्राम धोबीगुड़ा में जल जीवन मिशन के तहत आयोजित जल उत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत जल अर्पण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में महिला जल वाहिनी, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। इस अवसर पर महिला जल वाहिनी की सदस्यों ने गांव में पानी बचाने और स्वच्छता बनाए रखने के लिए जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जल के महत्व और इसके संरक्षण की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि पानी केवल वर्तमान की जरूरत नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी एक अमूल्य धरोहर है। इसलिए जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखना और पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करना बेहद जरूरी है। जल स्रोतों के पास सोख्ता गड्ढा बनाना, बाथरूम में उपयोग के पश्चात गंदी पानी की समुचित निकासी, सार्वजनिक नल से पानी का समुचित उपयोग करने इत्यादि के फायदे संबंधी जानकारी दी गई।

इस मौके पर महिला जल वाहिनी की सदस्यों ने ग्रामीणों को जल की गुणवत्ता जांचने की प्रक्रिया का प्रदर्शन भी किया और सुरक्षित पेयजल के महत्व को समझाया। साथ ही उपस्थित ग्रामीणों को शपथ दिलाई गई कि वे जल संरक्षण के प्रति जागरूक रहेंगे और आने वाली पीढ़ियों को जल संकट से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में ग्राम के सरपंच, सचिव, पंच, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी सहायिका, मितानिन, कोटवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के श्री प्रवीण कुमार वर्मा, श्री अविनाश रनबाकला एवं ज्योत्सना सूना ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस आयोजन के माध्यम से ग्रामीणों को यह संदेश दिया गया कि “जल ही जीवन है” और इसकी सुरक्षा व संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
संपादक – ऋषभ कुमार
मो.–6266449977