रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

31 मार्च से पहले ही लाल आतंक से मुक्त होगी बस्तर की पावन धरा…बाफना
“नक्सल मुक्त बस्तर” के संकल्प की सिद्धि: गृह मंत्री अमित शाह का बाफना ने जताया आभार
29 मार्च 2026, जगदलपुर/ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के द्वारा बस्तर से नक्सलवाद के पूर्ण उन्मूलन के लिए निर्धारित 31 मार्च 2026 की समय-सीमा से पूर्व मिली ऐतिहासिक सफलता पर जगदलपुर विधानसभा के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता संतोष बाफना ने हर्ष व्यक्त किया है। और कहा है कि, दशकों के खूनी संघर्ष के बाद बस्तर अब शांति और प्रगति के एक नए युग में प्रवेश कर रहा है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूर्व विधायक बाफना ने पत्र के माध्यम से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रति आभार प्रकट करते हुए, बस्तर की सामाजिक स्थिरता और सर्वांगीण विकास हेतु अपना विजन और सुझाव प्रेषित किया है।
केंद्रीय गृह मंत्री एवं सुरक्षा बलों की दृढ़ इच्छाशक्ति के प्रति कृतज्ञता
पूर्व विधायक बाफना ने कहा है कि, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कुशल मार्गदर्शन और सुरक्षा बलों के अदम्य साहस से ही बस्तर में नक्सल हिंसा का दौर थमा है। शासन की जीरो टॉलरेंस की नीति और विकासपरक दृष्टिकोण ने आदिवासियों के मन में सुरक्षा और विश्वास का नया संचार किया है। इसके लिए संपूर्ण बस्तर अंचल गृह मंत्री अमित शाह तथा सुरक्षा बलों का हृदय से ऋणी है।
नक्सलवाद के अंत के बाद वर्ग-संघर्ष मुक्त समाज और तीव्र विकास की बाफना की मांग
पूर्व विधायक बाफना ने अपने पत्र में कहा है कि, बस्तर एक बहु-सांस्कृतिक अंचल है, जहाँ आदिवासी समाज के साथ-साथ विभिन्न वर्गों के लोग सदियों से निवास कर रहे हैं। नक्सलवाद की समाप्ति के बाद किसी भी प्रकार के ‘वर्ग संघर्ष’ की स्थिति को रोकने के लिए विशेष सतर्कता और प्रयासों की आवश्यकता है।
सामाजिक समरसता समितियों का गठन:* *ग्राम और जिला स्तर पर ‘शांति एवं संवाद समितियों’ का गठन हो, जिसमें सभी समाज प्रमुखों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
विवाद निवारण तंत्र:–भूमि, संसाधनों और अधिकारों को लेकर होने वाले संभावित छोटे विवादों को आपसी बातचीत और कानूनी जागरूकता से सुलझाने के लिए एक पारदर्शी तंत्र बनाया जाए।
संवैधानिक अधिकारों का संरक्षण: –वनाधिकारों और संवैधानिक प्रावधानों का पारदर्शी एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो, जिससे किसी भी वर्ग में असुरक्षा की भावना पैदा न हो।
पत्र के आखिर में नक्सलवाद के अंत को पूर्व विधायक बाफना ने एक पड़ाव माना है और कहा है कि, असली लक्ष्य एक ऐसा ‘समृद्ध बस्तर’ बनाना है जहाँ हर वर्ग का व्यक्ति बिना किसी डर और भेदभाव के प्रगति कर सके। इसलिए पूर्व विधायक बाफना ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से नक्सल मुक्त बस्तर को अब ‘समरस और विकसित बस्तर’ बनाने हेतु विशेष पैकेज और निगरानी तंत्र विकसित करने की मांग की है।
संपादक –ऋषभ कुमार
मो.–6266449977