रिपोर्ट –जय शंकर पांडे


जगदलपुर, 01 अप्रैल 2026/ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की जनहितैषी पहल के अंतर्गत बस्तर की जनता को बेहतर और त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ 15 नई एम्बुलेंस सौंपी गईं। इस महत्वपूर्ण सौगात के साथ अब जिले के वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक सुगम हो गई है, जिससे विशेष रूप से आकस्मिक दुर्घटनाओं और प्रसव के मामलों में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुँचाना संभव हो सकेगा।



        बुधवार 01 अप्रैल को जगदलपुर स्थित महारानी अस्पताल के प्रांगण में आयोजित एक कार्यक्रम में महापौर श्री संजय पांडे ने इन एम्बुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रवानगी से पहले महापौर ने एम्बुलेंस में मौजूद आधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों का निरीक्षण किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर इन वाहनों को बस्तर की जनता की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है और ये एम्बुलेंस इसी कड़ी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।



        इस अवसर पर एमआईसी सदस्य श्री लक्ष्मण झा, श्री निर्मल पाणिग्राही और श्री संजय विश्वकर्मा के साथ स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक, सिविल सर्जन डॉ संजय प्रसाद, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सी. मैत्री, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की जिला कार्यक्रम प्रबंधक डॉ. रीना लक्ष्मी और डॉ. नीरज ओझा सहित महारानी अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। मुख्यमंत्री द्वारा दी गई इस बड़ी सौगात से बस्तर के चिकित्सा तंत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है, जो संकट के समय आम जनमानस के लिए जीवनदायिनी साबित होगी।

संपादक –ऋषभ कुमार

मो.–6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply