रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

3 मई 2026, रायपुर। राजधानी रायपुर में गोलबाजार थाना इलाके में पत्रकार पर हमले की एक गंभीर घटना सामने आई है, जिसमें एक युवक द्वारा कथित रूप से पैसे की मांग करते हुए मारपीट की गई। इस हमले में पत्रकार शांतनु रॉय गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनका इलाज अस्पताल में जारी है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बजरंग चौहान को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित के बड़े भाई, जो विधानसभा क्षेत्र स्थित एक संस्थान में बायो मेडिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई शांतनु रॉय पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत है। घटना दिनांक 2 मई 2026 की रात की है, जब शांतनु अपना काम खत्म कर तेलीबांधा स्थित प्रेस कार्यालय से मोटरसाइकिल से अपने घर कोटा लौट रहा था।
रात करीब 1:00 से 1:30 बजे के बीच जब वह जी.ई. रोड पर कुसुमताई दाबके स्कूल के सामने पहुंचा, तभी आगे चल रहे एक साइकिल रिक्शा चालक ने अचानक दाहिने ओर मोड़ लिया। इससे संतुलन बिगड़ने पर शांतनु की बाइक रिक्शा से टकरा गई। घटना के बाद मौके पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, हालांकि रिक्शा चालक और उसमें बैठे सवारी बिना किसी विवाद के वहां से चले गए।
इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक व्यक्ति, जिसकी पहचान बजरंग चौहान के रूप में हुई, ने स्थिति का फायदा उठाते हुए शांतनु को रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी बजरंग चौहान फुलचौक क्षेत्र का निवासी है और उसने शांतनु से कहा कि यदि वह मामले को ‘सेटल’ करना चाहता है तो उसे 10,000 रुपये देने होंगे। आरोपी ने कथित रूप से जबरन पैसे की मांग करते हुए धमकी भी दी।
जब शांतनु ने पैसे देने से इनकार करते हुए वहां से निकलने की कोशिश की, तब आरोपी ने उसे गंदी-गंदी गालियां देते हुए धमकाया और कहा कि बिना पैसे दिए उसे जाने नहीं देगा। इसी दौरान बजरंग चौहान ने भीड़ में मौजूद किसी व्यक्ति के पास रखी हेलमेट उठाई और शांतनु के चेहरे पर जोरदार हमला कर दिया। हेलमेट से किए गए वार में शांतनु के दाहिने गाल और जबड़े पर गंभीर चोट आई।
घटना के बाद घायल अवस्था में शांतनु को तुरंत ईट्सा अस्पताल, रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसके जबड़े में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की है। फिलहाल उसका इलाज जारी है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की और आरोपी बजरंग चौहान को हिरासत में लेकर पूछताछ की। बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर रही है।
इस घटना के बाद पत्रकारों और स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।