रिपोर्ट –जय शंकर पांडे

30 मई 2026, जगदलपुर । ग्राम बालेंगा के साप्ताहिक मुर्गा बाजार में संचालित हो रहे अवैध खुड़खुड़ी जुआ के खिलाफ बस्तर पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान जुआ खिलाने में प्रयुक्त सामग्री और 48,150 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस को सूचना मिली थी कि बाजार स्थल में कुछ लोग नियमित रूप से रुपयों का दांव लगाकर जुआ खेलवा रहे हैं। सूचना के आधार पर थाना बस्तर और साइबर क्राइम टीम ने संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस टीम के पहुंचते ही कई लोग भाग निकले, लेकिन तीन आरोपियों को मौके पर दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोण्ड बड़ेपारा निवासी डमरू सेठिया, भाटीपारा निवासी महेंद्र बघेल उर्फ बिल्लू तथा एर्राकोट नयापारा निवासी खीरकुमार नाग के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई।