रिपोर्ट ओम साहू
रायपुर, 21 फरवरी: छत्तीसगढ़ में पुलिसकर्मियों के सम्मान को लेकर विवाद गहरा गया है। संयुक्त पुलिस कर्मचारी एवं परिवार कल्याण संघ के प्रमुख उज्जवल दीवान के नेतृत्व में बुधवार को पुलिस परिवार के सदस्यों ने सांसद भोजराज नाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।संघ का आरोप है कि सांसद भोजराज नाग ने 9 फरवरी को भानुप्रतापपुर में स्वयं को वीआईपी बताते हुए पुलिसकर्मियों का अपमान किया। विशेष रूप से थाना भानुप्रतापपुर के निरीक्षक रामेश्वर देशमुख, जो अब तक 100 से अधिक नक्सली मुठभेड़ों में शामिल रहे हैं और लगभग 60 नक्सलियों को ढेर कर चुके हैं, उनके शौर्य और साहस को ठेस पहुंचाई गई।वीडियो में दिखी बदतमीजीसंघ के अनुसार, निरीक्षक देशमुख को भारत सरकार और राष्ट्रपति द्वारा वीरता पदक सहित कई पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। बावजूद इसके, जब वे अपनी ड्यूटी के दौरान शालीनता से बात कर रहे थे, तब सांसद नाग ने उन्हें “बदतमीज” और “वसूलीबाज” कहकर अपमानित किया। यह पूरी घटना वीडियो में रिकॉर्ड है, जिसे संघ ने सार्वजनिक करने की बात कही है।इतना ही नहीं, थाने के अंदर सांसद के एक समर्थक ने पुलिसकर्मियों को लाइन से खड़ा कर थप्पड़ मारने की धमकी दी, लेकिन सांसद ने इसे रोकने के बजाय मौन समर्थन दिया। इस घटना को लेकर पुलिस परिवार में आक्रोश है।संघ ने दी आंदोलन की चेतावनीसंघ ने सांसद नाग से वीडियो और लिखित रूप में माफी की मांग की है। यदि ऐसा नहीं किया गया तो आचार संहिता समाप्त होने के बाद कांकेर से दिल्ली तक विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पूरे छत्तीसगढ़ में पुलिस परिवार के सदस्य आंदोलन करेंगे और इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा।संघ ने यह भी स्पष्ट किया कि सांसद नाग ने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया। Z+ सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति को कम से कम तीन घंटे पहले अपने आवागमन की सूचना देनी होती है, जबकि नाग का प्रोटोकॉल कांकेर कंट्रोल रूम को शाम 7 बजे दिया गया था, जिससे तत्काल सुरक्षा व्यवस्था करना संभव नहीं था।महिला सदस्यों की भी नाराजगीपुलिस परिवार की महिला सदस्यों, निर्मला कोमरे, पार्वती तेता, चांदनी भुआर्य और खुशबू ठाकुर ने भी सांसद के व्यवहार पर आपत्ति जताई और उनसे माफी की मांग की। इस मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस परिवार की महिलाएं मौजूद रहीं।संघ ने साफ कर दिया है कि यदि सांसद भोजराज नाग ने जल्द ही पुलिसकर्मियों से माफी नहीं मांगी, तो यह आंदोलन और तेज होगा।