रायपुर, 26 फरवरी 2025 – छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आज महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर राजिम कुंभ कल्प में त्रिवेणी संगम में पूज्य संतों के साथ शाही स्नान किया। इस पवित्र अनुष्ठान के दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं कल्याण की प्रार्थना की।

शाही स्नान के पश्चात उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भगवान राजीव लोचन और भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन-अर्चन कर प्रदेश की समृद्धि व उन्नति के लिए आशीर्वाद मांगा। उन्होंने कहा,
“महाशिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि यह हमारी आध्यात्मिक परंपरा, भक्ति और सनातन संस्कृति का महोत्सव है। यह हमें जीवन में संयम, त्याग और साधना का मार्ग दिखाता है।”

इस अवसर पर श्रद्धालुओं और संत समाज को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ कल्प छत्तीसगढ़ की आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है, जहां संत-महात्माओं की उपस्थिति से पूरा वातावरण शिवमय हो जाता है।

उपमुख्यमंत्री ने इस दौरान प्रदेश में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की पावन धरती संत परंपरा की अमूल्य धरोहर रही है, जिसे सशक्त बनाए रखना हम सभी का कर्तव्य है।

महाशिवरात्रि के इस भव्य आयोजन में देशभर से आए साधु-संत, श्रद्धालु एवं भक्तजन सम्मिलित हुए और त्रिवेणी संगम में पुण्य स्नान कर स्वयं को धन्य महसूस किया। पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव के जयकारों के बीच आध्यात्मिक उल्लास का अनुपम दृश्य देखने को मिला।


By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply