जगदलपुर, 19 फरवरी 2026/ बस्तर के हृदय स्थल जगदलपुर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। शहर की व्यस्ततम सड़कों में से एक, विद्युत यांत्रिकी कर्मशाला से जिया डेरा गीदम रोड तक प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण निर्माण कार्य का भव्य भूमिपूजन गुरुवार को किया गया। इस विकास कार्य की आधारशिला जगदलपुर विधायक श्री किरण देव ने अन्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना के साथ रखी।
 

                लगभग 1.47 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर शासन द्वारा 4 करोड़ 81 लाख रुपये की राशि व्यय की जाएगी। लंबे समय से स्थानीय नागरिकों और राहगीरों द्वारा इस मार्ग की सुदृढ़ीकरण की मांग की जा रही थी, जिसे ध्यान में रखते हुए अब इसे आधुनिक स्वरूप देने की तैयारी है। भूमिपूजन के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक श्री किरण देव ने कहा कि यह मार्ग शहर की जीवनरेखा के समान है और इसके चौड़ीकरण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्रवासियों को जाम और खराब सड़क की समस्या से स्थाई राहत मिलेगी।

                श्री देव ने विकास की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए आगे कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के कुशल नेतृत्व में जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रगति के कार्य अनवरत जारी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता विकास के लाभ को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना है और शहर में होने वाले सभी निर्माण कार्य सीधे तौर पर जनता की आवश्यकताओं और उनकी मांग के अनुरूप किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर ही पूर्ण किया जाए।

                  इस गौरवपूर्ण अवसर पर बेबरज कारपोरेशन के अध्यक्ष श्री श्रीनिवास राव, पूर्व महापौर श्रीमती सफीरा साहू, एमआईसी सदस्य श्री निर्मल पाणिग्रही, श्री सुरेश गुप्ता, श्री लक्ष्मण झा, श्रीमती कलावती कसेर, श्रीमती त्रिवेणी रंधारी, श्रीमती श्वेता बघेल, पार्षद श्री नरसिंह राव, श्री आलोक अवस्थी, श्री कुबेर देवांगन, श्रीमती बंसती समरथ, श्रीमती नेहा ध्रुव, श्री श्याम सुंदर बघेल, श्रीमती रोशन सिसोदिया सहित लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इस निर्माण कार्य की शुरुआत से पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

संपादक–ऋषभ कुमार

मो.–6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply