अधिकारियों की कार्यक्षमता होगी और सशक्त


जगदलपुर, 19 फरवरी 2026/ सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार आईगॉट कर्मयोगी के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रशासनिक क्षमता निर्माण को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 20 फरवरी को पूर्वाह्न 11:30 बजे से 12:30 बजे तक कलेक्ट्रेट सभागार जगदलपुर में बस्तर संभाग स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित की गई है।

            कमिश्नर बस्तर संभाग श्री डोमन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण में राज्य स्तर से सुश्री अंजू सिंह अवर सचिव छत्तीसगढ़ शासन एवं नोडल अधिकारी आईगॉट कर्मयोगी द्वारा अधिकारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान आईगॉट प्लेटफॉर्म पर पंजीयन, कोर्स चयन, अनिवार्य एवं विभागीय पाठ्यक्रमों की जानकारी, प्रगति मॉनिटरिंग तथा क्षमता निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया जाएगा।

          प्रशिक्षण कार्यक्रम में कलेक्टर बस्तर सहित बस्तर जिले के सभी भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। वहीं बस्तर संभाग के अन्य जिलों के कलेक्टर एवं वरिष्ठ अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़ेंगे। संबंधित जिलों के नोडल अधिकारी एवं विभागीय प्रतिनिधि भी प्रशिक्षण में सक्रिय सहभागिता करेंगे। उक्त प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों को डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग हेतु प्रेरित करना, उनकी कार्यकुशलता एवं दक्षता में वृद्धि करना तथा शासन की योजनाओं और कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को गति प्रदान करना है।

                      यह पहल कर्मयोगी अवधारणा के अनुरूप प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक उत्तरदायी, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से अधिकारियों में निरंतर अधिगम की भावना को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे सुशासन के लक्ष्यों की प्राप्ति में सहायता मिलेगी।

संपादक–ऋषभ कुमार

मो.–6266449977

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply