रिपोर्ट –जय शंकर पांडे


जगदलपुर, 14 मई 2026/ जिले के लोहण्डीगुड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम धुरागांव में गुरुवार को आयोजित ‘सुशासन तिहार 2026’ विकास और विश्वास का संगम बना, जहाँ एक ओर जनसमस्याओं के निराकरण हेतु प्राप्त आवेदन पत्रों का समाधान किया गया।वहीं दूसरी ओर शासन की विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को लाभान्वित कर सामग्री का वितरण किया गया। शिविर में ग्रामीणों का भारी उत्साह देखने को मिला, जिसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 482 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 479 आवेदन विभिन्न मांगों और 3 आवेदन शिकायतों से संबंधित थे।

       शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रति ग्रामीणों में जबरदस्त रुझान दिखा, जिसके लिए सर्वाधिक 161 आवेदन प्राप्त हुए. इसी कड़ी में 5 चयनित हितग्राहियों को उनके सपनों के घर की ‘खुशियों की चाबियाँ’ सौंपकर उन्हें गृह प्रवेश की सौगात दी गई। उज्ज्वला गैस कनेक्शन के लिए 60, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण हेतु 46 और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अंतर्गत बुनियादी ढांचों के लिए 40 आवेदन प्राप्त हुए, जो ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं के प्रति जागरूकता को दर्शाते हैं। महिला सशक्तिकरण की दिशा में एनआरएलएम योजना के तहत 10 ‘लखपति दीदियों’ को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और स्वयं सहायता समूहों को बैंक ऋण के चेक प्रदान कर आर्थिक रूप से सुदृढ़ किया गया।



        ग्रामीणों की मांग और शिकायतों के बीच प्रशासन ने मौके पर ही अनेक योजनाओं से लाभान्वित किया गया।राजस्व विभाग द्वारा 10 किसानों को ‘किसान किताब’, कृषि विभाग द्वारा 10 हितग्राहियों को रागी बीज और मत्स्य विभाग द्वारा 2 लोगों को जाल प्रदान किए गए। स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देते हुए 10-10 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड, केसीसी और राशन कार्ड बांटे गए, जबकि स्कूली बच्चों को 15 जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

      विशेष रूप से बच्चों के लिए अन्नप्राशन संस्कार और पोषण पोटली वितरण किया गया।वहीं दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुरूप श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास निधि से ग्राम पंचायत धुरागांव को एक पानी टैंकर भी प्रदान किया गया। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बलदेव मंडावी,पूर्व विधायक श्री लच्छूराम कश्यप, जनपद पंचायत अध्यक्ष पदमा कश्यप सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ पहट न्यूज़ (साप्ताहिक अखबार)

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply