रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

27 जून 2026, जगदलपुर। तोकापाल विकास खण्ड के ग्राम पंचायत सिरिसगुड़ा में आज विकास खण्ड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव का भव्य एवं उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों तथा ग्रामीणों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर नवप्रवेशी विद्यार्थियों का आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप एवं विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक श्री विनायक गोयल रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जो समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव तैयार करती है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने तथा उनकी पढ़ाई के प्रति विशेष ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना और उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है।

शाला प्रवेश उत्सव के दौरान सरस्वती सायकल योजना के अंतर्गत कक्षा नवमी में अध्ययनरत 30 बालिकाओं को सायकलों का वितरण किया गया। सायकल प्राप्त करने वाली छात्राओं के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। इस अवसर पर सांसद श्री महेश कश्यप एवं विधायक श्री विनायक गोयल ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा प्रदान करना, उनकी शिक्षा को प्रोत्साहित करना तथा विद्यालय छोड़ने की प्रवृत्ति को कम करना है। उन्होंने छात्राओं से पूरी लगन और मेहनत के साथ अध्ययन कर अपने परिवार, गांव और जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों को गणवेश का वितरण भी किया गया। नए गणवेश प्राप्त कर बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला। अतिथियों ने बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्प देकर स्वागत किया तथा उन्हें नियमित अध्ययन, अनुशासन और अच्छे संस्कारों के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण मंच है, जहां बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव रखी जाती है।
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कार्यक्रम में वृक्षारोपण भी किया गया। सांसद एवं विधायक सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और विद्यार्थियों ने पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर कहा गया कि स्वच्छ एवं हरित वातावरण आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य धरोहर है। प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए, ताकि पर्यावरण संतुलन बनाए रखा जा सके।
शाला प्रवेश उत्सव के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए न्योता भोज का भी आयोजन किया गया। सभी बच्चों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। इस आयोजन ने विद्यालय परिसर में आत्मीयता, समानता और अपनत्व का वातावरण निर्मित किया। बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में भाग लिया और विभिन्न गतिविधियों का आनंद लिया।
समापन अवसर पर सांसद महेश कश्यप एवं विधायक विनायक गोयल ने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माण के वास्तविक शिल्पकार हैं। उनके मार्गदर्शन और समर्पण से ही बच्चे अपने जीवन में सफलता प्राप्त कर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी, अनुशासन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप , जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मण्डावी , जिला पंचायत सदस्य पदमनी कश्यप , कामदेव बघेल , जनपद अध्यक्ष रामबती भण्डारी , उपाध्यक्ष रितेश दास जोशी , मण्डल अध्यक्ष सोमारू राम कश्यप , युवा मोर्चा मण्डल अध्यक्ष शिव सुयवशी , मुन्ना कश्यप , उर्मिला गोयल , जीवनाथ मौर्य , बाबुल नाग , सतीश अग्रवाल , एवं अन्य जनप्रतिनिधि कार्यकर्ता गण प्यारे बच्चे शिक्षक गण उपस्थित रहे।