रिपोर्ट – जय शंकर पांडे

बस्तर संभाग के 20 समाज एकजुट, प्रदेश संगठन भंग कर नई कोर कमेटी गठित

9 जुलाई 2026, भानुप्रतापपुर / ओबीसी समाज को 27 प्रतिशत आरक्षण और जनगणना में अलग कॉलम की मांग को लेकर छत्तीसगढ़ सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को भानुप्रतापपुर में हुई संभाग स्तरीय बैठक में बस्तर संभाग के लगभग 20 अलग-अलग समाजों के जिला अध्यक्ष और प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में मांगों को मनवाने के लिए 19 अगस्त से चरणबद्ध आंदोलन का शंखनाद किया गया।


कांकेर से होगी आंदोलन की शुरुआत
बैठक में निर्णय लिया गया कि आंदोलन का पहला चरण 19 अगस्त को कांकेर जिला मुख्यालय में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के साथ शुरू होगा। इसके बाद बस्तर संभाग के सभी जिलों में सिलसिलेवार आंदोलन किया जाएगा। जिला स्तर के बाद इसे संभाग स्तरीय और अंत में प्रदेश स्तरीय आंदोलन का रूप दिया जाएगा।


पदाधिकारियों ने कहा कि जब तक सरकार 27 प्रतिशत आरक्षण नहीं देती और जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम बहाल नहीं करती, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

“एकजुट होकर लड़ना होगा”
बैठक को संबोधित करते हुए टिकेश्वरी सिन्हा ने कहा कि 27 प्रतिशत आरक्षण की लड़ाई के लिए ही ‘सर्व ओबीसी समाज’ का गठन किया गया है। उन्होंने कहा “नेतृत्वकर्ता ही समाज को सही दिशा और दशा देता है। आज हमें आपसी मतभेद भुलाकर एक होकर लड़ना है। जो सच में समाज के लिए लड़ता है, उसे किसी पद की जरूरत नहीं होती। जो केवल पद के भूखे हैं, वे समाज का विकास नहीं कर सकते।” उन्होंने समाज को तोड़ने वाले तत्वों से सावधान रहने की अपील भी की।


मनीष नाथ योगी ने किया एकजुटता का आह्वान
बैठक में मनीष नाथ योगी ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर हमें एकजुटता के साथ आंदोलन करना होगा। तभी सरकार हमारी बात सुनेगी।

By संपादक–ऋषभ कुमार

a seniour journalist from bastar division working since 2008

Leave a Reply